कोरबा। जिले के कटघोरा वनमंडल अंतर्गत दर्री सर्किल में जंगली सुअर के हमले की गंभीर घटना सामने आई है। तहसील कार्यालय के पीछे स्थित मणीकंचन कचरा संग्रहण केंद्र में तैनात 60 वर्षीय चौकीदार लोरिक लाल यादव पर अचानक जंगली सुअर ने हमला कर दिया, जिससे वे गंभीर रूप से घायल हो गए।
यह भी पढ़े :- संदिग्ध हालात में बाघ का शव बरामद, शिकार की आशंका से हड़कंप
जानकारी के अनुसार, दर्री के नगोईखार श्यामनगर निवासी लोरिक लाल यादव रविवार रात ड्यूटी पर थे और सोमवार सुबह करीब सात बजे घर लौटने की तैयारी कर रहे थे। इसी दौरान कुछ बकरियां कचरा संग्रहण केंद्र में घुस गईं। बकरियों को बाहर खदेड़ने के लिए वे हाथ में डंडा लेकर थोड़ी दूरी पर जंगल की ओर बढ़े।
बताया जा रहा है कि बकरियों के झुंड में एक जंगली सुअर छिपा हुआ था, जिसकी जानकारी चौकीदार को नहीं थी। अचानक झुंड से निकलकर सुअर ने उन पर हमला कर दिया और दांतों से गंभीर चोटें पहुंचाईं।
हमले के दौरान लोरिक लाल यादव ने साहस दिखाते हुए डंडे से खुद का बचाव किया और शोर मचाकर मदद की गुहार लगाई। कुछ देर की मशक्कत के बाद वे सुअर को जंगल की ओर खदेड़ने में सफल रहे, लेकिन तब तक वे लहूलुहान हो चुके थे। हमले में उनके गले, पीठ, हाथ, जांघ और पैरों पर गहरे घाव आए हैं।
घटना की सूचना मिलते ही मणीकंचन केंद्र के सुपरवाइजर ने परिजनों को अवगत कराया। परिजन मौके पर पहुंचे और घायल चौकीदार को ऑटो रिक्शा से मेडिकल कॉलेज अस्पताल, कोरबा ले जाया गया, जहां डॉक्टरों की निगरानी में उनका इलाज जारी है।



