रायपुर। राजधानी रायपुर में मेडिकल स्टोर की आड़ में प्रतिबंधित नशीली सिरप बेचने का मामला सामने आया है। रायपुर कमिश्नरेट पुलिस ने तेलीबांधा थाना क्षेत्र के लाभांडी स्थित विनायक मेडिकल स्टोर में छापेमारी कर दुकान संचालक समेत दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने मौके से कोडिन सिरप की 32 शीशियां जब्त की हैं, जिनकी कीमत करीब 12,800 रुपये बताई गई है। पुलिस के मुताबिक, मेडिकल स्टोर में डॉक्टर की पर्ची के बिना प्रतिबंधित सिरप बेची जा रही थी।
गिरफ्तार आरोपियों में शामिल जीत सिंह सूर्यवंशी उर्फ ज्ञानेन्द्र सिंह का पहले भी प्रतिबंधित नशीली सिरप से जुड़े नारकोटिक एक्ट के मामले में जेल जाना सामने आया है। पुलिस अब मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई कर रही है।
टेस्ट पर्चेस के बाद मेडिकल स्टोर में छापा
पुलिस के अनुसार, 26 अक्टूबर 2026 को एंटी क्राइम एंड साइबर यूनिट को सूचना मिली थी कि लाभांडी के ब्रह्मदेव नगर स्थित विनायक मेडिकल स्टोर में प्रतिबंधित नशीली सिरप की अवैध बिक्री की जा रही है। सूचना के आधार पर पुलिस उपायुक्त (क्राइम एवं साइबर) स्मृतिक राजनाला और पुलिस उपायुक्त (उत्तर क्षेत्र) तारकेश्वर पटेल के निर्देश पर संयुक्त टीम गठित की गई।
इसके बाद एंटी क्राइम एंड साइबर यूनिट, एंटी नारकोटिक्स टास्क फोर्स और तेलीबांधा पुलिस ने पहले मेडिकल स्टोर से टेस्ट पर्चेस कराया। इस दौरान बिना डॉक्टर की पर्ची के सिरप बेचने की पुष्टि होने पर टीम ने दुकान में दबिश दी। कार्रवाई के दौरान मेडिकल स्टोर संचालक धीरज कुमार दुबे और वहां मौजूद जीत सिंह सूर्यवंशी उर्फ ज्ञानेन्द्र सिंह को पकड़ा गया।
दुकान से मिलीं कोडिन सिरप की 32 शीशियां
छापेमारी के दौरान पुलिस ने मेडिकल स्टोर से कोडिन सिरप की 32 शीशियां बरामद कीं। इनकी कुल कीमत 12,800 रुपये आंकी गई है। पुलिस ने आरोपियों से सिरप के भंडारण और बिक्री से संबंधित वैध दस्तावेज मांगे, लेकिन वे दस्तावेज पेश नहीं कर सके। इसके बाद पुलिस ने सिरप जब्त कर दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।
नारकोटिक एक्ट के तहत मामला दर्ज
पुलिस ने इस मामले में तेलीबांधा थाने में अपराध क्रमांक 480/26 दर्ज किया है। आरोपियों के खिलाफ नारकोटिक एक्ट की धारा 21(सी) के तहत कार्रवाई की गई है।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान धीरज कुमार दुबे (48), निवासी आकृति विहार, अमलीडीह, थाना न्यू राजेंद्र नगर और जीत सिंह सूर्यवंशी उर्फ ज्ञानेन्द्र सिंह (29), निवासी सूरज नगर हाउसिंग बोर्ड कॉलोनी, लाभांडी, थाना तेलीबांधा के रूप में हुई है।
पुलिस के मुताबिक, मेडिकल स्टोर की आड़ में प्रतिबंधित नशीली सिरप की अवैध बिक्री की सूचना मिलने के बाद यह कार्रवाई की गई। मामले में आगे की जांच जारी है।




