रायपुर। मेडिकल स्टोर की आड़ में प्रतिबंधित नशीली सिरप बेचने के कथित कारोबार का रायपुर पुलिस ने खुलासा किया है। लाभांडी के ब्रम्हदेव नगर स्थित विनायक मेडिकल स्टोर में पुलिस ने छापा मारकर संचालक समेत दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। कार्रवाई के दौरान पुलिस ने 32 शीशी प्रतिबंधित कोडिन सिरप बरामद की, जिसकी कीमत करीब 12,800 रुपये बताई गई है। यह कार्रवाई एंटी क्राइम एंड साइबर यूनिट, एंटी नारकोटिक्स टास्क फोर्स और तेलीबांधा पुलिस की संयुक्त टीम ने की।
बिना डॉक्टर की पर्ची हो रही थी बिक्री
पुलिस के मुताबिक एंटी क्राइम एंड साइबर यूनिट को सूचना मिली थी कि लाभांडी स्थित मेडिकल स्टोर में प्रतिबंधित नशीली सिरप की अवैध बिक्री की जा रही है। सूचना के बाद वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देश पर पुलिस टीम ने पहले मामले की पुष्टि की।
इसके लिए मेडिकल स्टोर पर मुखबिर के जरिए टेस्ट पर्चेस कराया गया। पुलिस का दावा है कि इस दौरान संचालक द्वारा बिना डॉक्टर की पर्ची के प्रतिबंधित नशीली सिरप बेची गई। इसके बाद टीम ने तत्काल मेडिकल स्टोर में दबिश दी।
तलाशी में मिली 32 शीशी कोडिन सिरप
रेड के दौरान दुकान में संचालक धीरज कुमार दुबे के साथ एक अन्य व्यक्ति जीत सिंह सूर्यवंशी उर्फ ज्ञानेन्द्र सिंह भी मौजूद था। दोनों को हिरासत में लेकर मेडिकल स्टोर की तलाशी ली गई।
पुलिस के अनुसार तलाशी में 32 शीशी प्रतिबंधित कोडिन सिरप बरामद हुई। सिरप के भंडारण और बिक्री से जुड़े वैध दस्तावेज मांगे जाने पर आरोपी कथित तौर पर कोई संतोषजनक दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सके।
एक आरोपी पहले भी जा चुका है जेल
पुलिस के मुताबिक गिरफ्तार आरोपी जीत सिंह सूर्यवंशी उर्फ ज्ञानेन्द्र सिंह पहले भी तेलीबांधा थाने में प्रतिबंधित नशीली सिरप से जुड़े नारकोटिक एक्ट के मामले में जेल जा चुका है। इस पुराने रिकॉर्ड के सामने आने के बाद पुलिस अब उसके नेटवर्क और इस मामले में उसकी भूमिका को लेकर भी जांच कर रही है।
सप्लाई नेटवर्क तक पहुंचने की कोशिश
पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ तेलीबांधा थाने में अपराध क्रमांक 480/26 के तहत धारा 21(सी) नारकोटिक एक्ट में मामला दर्ज किया है। अब पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि प्रतिबंधित सिरप मेडिकल स्टोर तक कहां से पहुंची। इसके साथ ही खरीद-बिक्री, सप्लाई चैन और इसमें शामिल अन्य लोगों की जानकारी जुटाई जा रही है। पुलिस का कहना है कि जांच में सामने आने वाले तथ्यों और साक्ष्यों के आधार पर अन्य आरोपियों के खिलाफ भी कार्रवाई की जाएगी।
गिरफ्तार आरोपी
धीरज कुमार दुबे (48) — निवासी आकृति विहार, अमलीडीह, रायपुर।
जीत सिंह सूर्यवंशी उर्फ ज्ञानेन्द्र सिंह (29) — निवासी लाभांडी सूरज नगर हाउसिंग बोर्ड कॉलोनी, रायपुर।




