धमतरी। जिले के रत्नाबांधा इलाके में तेज रफ्तार अज्ञात वाहन की टक्कर से 21 वर्षीय युवक सागर नागारची की मौत हो गई। हादसे के बाद वाहन चालक मौके से फरार हो गया। पुलिस ने अज्ञात वाहन की तलाश शुरू कर दी है।
जानकारी के मुताबिक, सागर पैदल धमतरी की ओर आ रहा था। इसी दौरान अज्ञात वाहन ने उसे टक्कर मार दी। हादसे में वह गंभीर रूप से घायल हो गया। वहां से गुजर रहे अभय ठिटे ने घटना की सूचना इंडियन रेडक्रॉस सोसाइटी के वाइस चेयरमैन शिवा प्रधान को दी।
सूचना मिलते ही शिवा प्रधान अपने साथी डोमन साहू के साथ एंबुलेंस लेकर मौके पर पहुंचे और घायल युवक को जिला अस्पताल पहुंचाया। हालांकि, जांच के बाद डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
घटना के बाद मृतक के परिवार में मातम पसरा है। पुलिस आसपास के CCTV फुटेज और अन्य साक्ष्यों के आधार पर अज्ञात वाहन और उसके चालक की तलाश कर रही है।




