कोरबा। जिले में छत्तीसगढ़ रेल कॉरिडोर के तहत बिछाई जा रही नई रेल लाइन की पटरी चोरी का मामला सामने आया है। जटगा चौकी क्षेत्र के बरबसपुर गांव में पुलिस ने एक किराए के मकान में दबिश देकर करीब 6.5 टन वजनी 36 नग कटी हुई रेलवे पटरी बरामद की है। मौके से गैस कटर, ऑक्सीजन सिलेंडर और एक स्वराज माजदा वाहन भी जब्त किया गया है।
पुलिस के मुताबिक, बरबसपुर गांव में आखिर लाल के पक्के मकान को राजू कुमार नामक युवक ने किराए पर लिया था। बताया जा रहा है कि वह छत्तीसगढ़ रेल कॉरिडोर के तहत नई रेल लाइन के निर्माण कार्य में लगी एक निजी कंपनी में काम करता था। इसी दौरान पुलिस को किराए के मकान में रेलवे का सामान रखे होने की सूचना मिली थी।
सूचना के आधार पर पुलिस ने मकान में दबिश दी। तलाशी के दौरान 6,480 किलोग्राम वजन की 36 रेलवे पटरी, चार ऑक्सीजन सिलेंडर, गैस कटर, घरेलू गैस सिलेंडर और अन्य उपकरण मिले। पुलिस ने सामान के साथ स्वराज माजदा वाहन भी जब्त कर लिया है।
पुलिस की कार्रवाई की भनक लगते ही मकान किराए पर लेने वाला राजू कुमार मौके से फरार हो गया। जटगा चौकी प्रभारी भीम यादव के मुताबिक, रेलवे का माल बरामद हुआ है और मामले की जांच की जा रही है। रेलवे के संबंधित अधिकारियों के साथ नई रेल लाइन का काम कर रही कंपनी के अधिकारियों को भी बुलाया गया है, ताकि बरामद पटरी के संबंध में जानकारी जुटाई जा सके।
कटघोरा एसडीओपी विजय सिंह राजपूत ने बताया कि बरबसपुर स्थित किराए के मकान से करीब 6.5 टन रेलवे पटरी सहित अन्य सामान बरामद किया गया है। फरार आरोपी की तलाश जारी है। पुलिस को आशंका है कि रेलवे सामग्री चोरी कर उसे खपाने वाले नेटवर्क से जुड़े अन्य लोग भी हो सकते हैं। आरोपी की गिरफ्तारी और पूछताछ के बाद ही पूरे मामले का खुलासा होने की उम्मीद है।




