सूरजपुर। जिले के कोतवाली थाना क्षेत्र के बड़कापारा साप्ताहिक बाजार से दो महिलाओं की पिटाई का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। वीडियो में भीड़ दोनों महिलाओं को घेरकर उनके साथ मारपीट और पूछताछ करती नजर आ रही है।
बताया जा रहा है कि बाजार में मौजूद लोगों ने दोनों महिलाओं पर मोबाइल और हजारों रुपये चोरी करने का आरोप लगाया था। इसके बाद भीड़ ने कथित तौर पर दोनों की लात-घूंसों से पिटाई कर दी। वायरल वीडियो में कुछ लोग महिलाओं से पूछताछ करते हुए भी दिखाई दे रहे हैं।
घटना के बाद साप्ताहिक बाजार में सुरक्षा व्यवस्था और कानून हाथ में लेने की स्थिति को लेकर सवाल उठ रहे हैं। मामले में पुलिस की ओर से अब तक कार्रवाई या घटना की विस्तृत पुष्टि की जानकारी सामने नहीं आई है।




