मुंगेली। जिले के जरहागांव थाना क्षेत्र में नाबालिग से सामूहिक दुष्कर्म के गंभीर मामले में पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस के मुताबिक, आरोपियों ने पहले नाबालिग के साथ मारपीट और गाली-गलौज की तथा उसे और उसके परिवार को जान से मारने की धमकी दी। इसके बाद उसे जबरन बाइक पर बैठाकर एक घर ले जाने और नशीला इंजेक्शन लगाने के बाद दैहिक शोषण करने का आरोप है।
यह भी पढ़े :- मोबाइल रिचार्ज से उपजा शक, प्रेमी ने घर में घुसकर प्रेमिका पर किया चाकू से हमला
पुलिस के अनुसार, घटना 29 सितंबर 2026 की है। नाबालिग अपनी सहेली के घर से लौट रही थी, तभी रास्ते में साहिल यादव (19) और प्रहलाद धुरी (30) ने उसे रोक लिया। आरोप है कि दोनों ने उसके साथ मारपीट की और घर जाने पर उसे तथा उसके परिजनों को जान से मारने की धमकी दी। डर के कारण नाबालिग घर नहीं गई और सकरी होते हुए रतनपुर मंदिर चली गई।
अगले दिन 30 सितंबर की शाम करीब 5 बजे जब वह वापस लौटी, तो आरोपियों ने कथित तौर पर उसे जबरदस्ती मोटरसाइकिल पर बैठाया और गांव के एक घर में ले गए। पुलिस के मुताबिक, वहां उसके हाथ पकड़े गए और नशीला इंजेक्शन लगाया गया। इसके बाद बेहोशी की हालत में उसके साथ दैहिक शोषण किए जाने का आरोप है।
घटना के बाद परिजनों ने जरहागांव थाने पहुंचकर पुलिस को जानकारी दी और शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने मामले में बीएनएस की विभिन्न धाराओं और पॉक्सो एक्ट के तहत अपराध दर्ज कर जांच शुरू की।
वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देश पर पुलिस टीम ने पीड़िता का बयान दर्ज कराया और उसका स्वास्थ्य परीक्षण कराया। इसके अलावा घटनास्थल का निरीक्षण कर साक्ष्य जुटाए गए और आरोपियों की तलाश शुरू की गई।
जांच के दौरान पुलिस ने दोनों आरोपियों को हिरासत में लिया। पुलिस के अनुसार, पूछताछ और उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर दोनों की संलिप्तता सामने आने के बाद साहिल यादव और प्रहलाद धुरी को गिरफ्तार किया गया। दोनों को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उन्हें न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।
पुलिस का कहना है कि मामले में आगे की विवेचना और आवश्यक वैधानिक कार्रवाई जारी है।




