मोहला-मानपुर। जिले के औंधी तहसील क्षेत्र में बाघ की मौजूदगी से एक बार फिर ग्रामीणों में दहशत का माहौल है। ग्राम रेंगाटोला के पास खेत-खलिहान क्षेत्र में बाघ ने दिनदहाड़े पांच पालतू बकरियों का शिकार कर लिया। घटना के समय करीब छह महिलाएं बकरियां चरा रही थीं। बाघ को अचानक सामने देखकर महिलाओं में अफरा-तफरी मच गई और उन्होंने मौके से भागकर अपनी जान बचाई।
यह भी पढ़े :- पोस्टमार्टम के बाद नहीं मिला शव वाहन, बांस की बल्ली से शव घर ले जाने को मजबूर परिजन
घटना के बाद वन विभाग ने क्षेत्र में गश्त बढ़ा दी है और ग्रामीणों को सतर्क रहने की सलाह दी गई है।
बकरियों के झुंड के बीच पहुंचा बाघ
जानकारी के अनुसार, रेंगाटोला गांव की कुछ महिलाएं गांव से दूर खेतों के पास बकरियां चरा रही थीं। इसी दौरान शाम के समय अचानक बाघ बकरियों के झुंड के बीच पहुंच गया। बाघ ने एक बकरी को दबोचने के बाद लगातार पांच बकरियों का शिकार किया।
बाघ को सामने देखकर महिलाएं घबरा गईं और वहां से भागकर सुरक्षित स्थान पर पहुंचीं। घटना की जानकारी मिलने के बाद ग्रामीण मौके पर पहुंचे। वहां दो बकरियां मृत अवस्था में मिलीं, जबकि तीन अन्य बकरियां मौके से गायब थीं।
दूसरे दिन मृत बकरियां भी नहीं मिलीं
ग्रामीणों के मुताबिक, अगले दिन वन विभाग के अमले के साथ ग्रामीण दोबारा घटनास्थल पर पहुंचे। इस दौरान वहां पड़ी दोनों मृत बकरियां भी नहीं मिलीं। ग्रामीणों का दावा है कि बाघ पांचों बकरियों को अपने साथ जंगल की ओर ले गया।
घटना के बाद क्षेत्र के मवेशी पालकों और किसानों में चिंता बढ़ गई है। ग्रामीणों का कहना है कि बाघ की लगातार मौजूदगी के कारण उन्हें मवेशियों को चराने के लिए जंगल और खेतों की ओर जाने में डर लग रहा है।
वन विभाग ने बढ़ाई गश्त
घटना की जानकारी मिलने के बाद वन विभाग की टीम क्षेत्र में सक्रिय हो गई है। बाघ की गतिविधियों पर नजर रखने के लिए गश्त बढ़ाई गई है। ग्रामीणों को अकेले जंगल या खेतों की ओर नहीं जाने और सतर्क रहने की सलाह दी गई है।
वन अमला बाघ की मौजूदगी और उसकी गतिविधियों की निगरानी कर रहा है। फिलहाल बाघ जंगल की ओर चला गया है, लेकिन उसकी मौजूदगी से आसपास के गांवों में भय का माहौल बना हुआ है।




