रायपुर। बंगाल की खाड़ी में बने गहरे अवदाब के असर से छत्तीसगढ़ में मौसम का मिजाज बिगड़ गया है। मौसम विभाग ने शुक्रवार, 25 सितंबर को प्रदेश के कई हिस्सों में भारी बारिश और तेज हवाओं की चेतावनी जारी की है। बस्तर संभाग में लगातार हो रही बारिश से जनजीवन प्रभावित है। कई इलाकों में जलभराव की स्थिति बन गई है, जबकि नदी-नालों का जलस्तर तेजी से बढ़ रहा है।
यह भी पढ़े :- महादेव सट्टा ऐप केस में CBI की कार्रवाई, दुबई से लौटते ही वॉन्टेड आरोपी गिरफ्तार
बस्तर में बुधवार से शुरू हुआ बारिश का दौर गुरुवार को भी जारी रहा। लगातार बारिश को देखते हुए बच्चों की सुरक्षा के मद्देनजर प्रशासन ने कुछ क्षेत्रों में स्कूल बंद रखने के आदेश दिए हैं। बीजापुर और कोंडागांव में भी स्कूलों को बंद रखने का निर्णय लिया गया है।
जगदलपुर में 130 मिमी बारिश, कई इलाके जलमग्न
मौसम विभाग के आंकड़ों के मुताबिक, बुधवार सुबह 8 बजे से गुरुवार रात 8 बजे तक जगदलपुर में करीब 130 मिलीमीटर बारिश दर्ज की गई। भारी बारिश के कारण शहर के कई निचले इलाकों और प्रमुख मार्गों पर पानी भर गया। धरमपुरा मार्ग पर बिनाका मॉल के पास जलभराव के कारण लोगों को आवागमन में परेशानी का सामना करना पड़ा।
ग्रामीण क्षेत्रों में भी बारिश का व्यापक असर देखने को मिला है। दरभा, लोहंडीगुड़ा और बास्तानार ब्लॉक के कई अंदरूनी गांवों का संपर्क जिला मुख्यालय से प्रभावित हुआ है।
इंद्रावती नदी का जलस्तर तेजी से बढ़ा
लगातार बारिश के कारण इंद्रावती नदी का जलस्तर तेजी से बढ़ रहा है। पुराने पुल स्थित गेज साइट पर नदी का जलस्तर 6.30 मीटर तक पहुंच गया है, जो खतरे के निशान से करीब आधा मीटर नीचे बताया जा रहा है। मौसम विभाग ने बारिश जारी रहने का पूर्वानुमान जताया है। ऐसे में नदी के चेतावनी स्तर को पार करने की आशंका बनी हुई है।
प्रशासन अलर्ट, संवेदनशील इलाकों में निगरानी
बिगड़ते मौसम को देखते हुए कलेक्टर आकाश छिकारा ने आपात बैठक लेकर मैदानी अमले, तहसीलदारों और पुलिस अधिकारियों को क्षेत्र में लगातार निगरानी रखने के निर्देश दिए हैं। संवेदनशील और नदी किनारे बसे गांवों में मुनादी कराकर लोगों को सतर्क किया गया है।
जिन पुल-पुलियों पर पानी बह रहा है, वहां बैरिकेडिंग कर आवागमन प्रतिबंधित किया गया है। प्रशासन ने लोगों से जलभराव वाले रास्तों और नदी-नालों के आसपास जाने से बचने की अपील की है।
प्रदेश के अन्य हिस्सों में भी बारिश के आसार
बंगाल की खाड़ी में बने मौसम सिस्टम का असर छत्तीसगढ़ के अन्य हिस्सों में भी देखने को मिल सकता है। मौसम विभाग ने कई जिलों में भारी बारिश के साथ तेज हवाएं और गरज-चमक की चेतावनी जारी की है। बस्तर संभाग में स्थिति पर प्रशासन की विशेष नजर बनी हुई है।




