बीजापुर। जिले में सुरक्षा बलों को निशाना बनाने के लिए माओवादियों द्वारा लगाया गया पुराना प्रेशर आईईडी बरामद कर सुरक्षित तरीके से निष्क्रिय कर दिया गया। ग्रामीणों की सतर्कता और समय पर दी गई सूचना से एक बड़ा हादसा टल गया।
यह भी पढ़े :- झीरम घाटी नक्सली हमला: 13 साल बाद आज फैसले का दिन
मामला मद्देड थाना क्षेत्र का है। ग्राम बंदेपारा और पेगड़ापल्ली के कुछ ग्रामीण जंगल में पुटू (मशरूम) एकत्र करने गए थे। इसी दौरान उन्हें जमीन पर बिछा एक संदिग्ध तार दिखाई दिया। किसी अनहोनी की आशंका को देखते हुए ग्रामीणों ने वस्तु को छूने के बजाय तत्काल पुलिस को इसकी सूचना दी।
सूचना मिलते ही संयुक्त सुरक्षा दल मौके पर पहुंचा। जांच के दौरान जमीन में सुरक्षा बलों को नुकसान पहुंचाने की नीयत से लगाया गया प्रेशर बियर बॉटल आईईडी बरामद हुआ। सुरक्षा टीम ने सावधानीपूर्वक इसे बाहर निकाला और मौके पर ही सुरक्षित तरीके से निष्क्रिय कर दिया।
सुरक्षा बलों की कार्रवाई से संभावित जनहानि और बड़े हादसे को टाल दिया गया। मामले में आसपास के इलाके की भी जांच की गई है।
संदिग्ध वस्तु दिखे तो न छुएं
सुरक्षा बलों ने ग्रामीणों से अपील की है कि जंगल, खेत, पगडंडी या सड़क किनारे तार, संदिग्ध गड्ढा, टिफिन, कंटेनर या कोई लावारिस वस्तु दिखाई देने पर उसे बिल्कुल न छुएं और उसके पास जाने से बचें।
ऐसी किसी भी संदिग्ध वस्तु या गतिविधि की सूचना तत्काल नजदीकी पुलिस थाना या सुरक्षा कैंप को देने की अपील की गई है।




