रायपुर। राजधानी रायपुर में शुष्क दिवस के दौरान शराब की अवैध बिक्री का मामला सामने आया है। मौदहापारा थाना क्षेत्र में पुलिस ने कार्रवाई करते हुए प्लैटिनम बार के संचालक को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उसके कब्जे से अंग्रेजी शराब की बोतल और ₹2,300 नकद बरामद किए हैं। वहीं बार के सुरक्षा गार्ड की भूमिका की भी जांच की जा रही है।
यह भी पढ़े :- बीजापुर में बड़ा हादसा टला, ग्रामीणों की सूचना पर सुरक्षा बलों ने IED किया निष्क्रिय
जन्माष्टमी पर घोषित था शुष्क दिवस
दरअसल, श्रीकृष्ण जन्माष्टमी के अवसर पर शासन की ओर से शुक्रवार को शुष्क दिवस घोषित किया गया था। इसी दौरान रात करीब 10:30 बजे पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली कि गली नंबर-1, पूनम होटल के सामने स्थित प्लैटिनम बार से चोरी-छिपे शराब बाहर निकालकर बेची जा रही है।
सूचना को गंभीरता से लेते हुए मौदहापारा पुलिस ने तत्काल टीम भेजकर कार्रवाई की।
बार संचालक के पास मिली शराब और नकदी
पुलिस ने मौके पर पहुंचकर बार संचालक 26 वर्षीय पलाश मल्होत्रा, पिता संदीप मल्होत्रा को पकड़ा। तलाशी के दौरान उसके कब्जे से एक बोतल अंग्रेजी शराब और ₹2,300 नकद बरामद किया गया।
पुलिस के मुताबिक शुष्क दिवस के दौरान शराब की अवैध बिक्री करते पाए जाने पर आरोपी के खिलाफ धारा 223 बीएनएस एवं धारा 34(1)(ब) आबकारी अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर कार्रवाई की गई है।
गार्ड की भूमिका भी जांच के घेरे में
पुलिस अब बार में तैनात सुरक्षा गार्ड की भूमिका की भी जांच कर रही है। गार्ड के खिलाफ धारा 170 BNSS के तहत प्रतिबंधात्मक कार्रवाई की जा रही है।
बार का लाइसेंस भी संकट में!
पुलिस के मुताबिक प्लैटिनम बार द्वारा शासन के घोषित शुष्क दिवस के आदेश और आबकारी लाइसेंस की शर्तों का उल्लंघन किए जाने के संबंध में आबकारी विभाग को अलग से प्रतिवेदन भेजा जा रहा है।
बार के लाइसेंस के निलंबन या निरस्तीकरण की कार्रवाई प्रस्तावित की गई है। ऐसे में अब संचालक के खिलाफ पुलिस कार्रवाई के साथ-साथ बार के लाइसेंस पर भी बड़ी कार्रवाई की तलवार लटक रही है।




