धमतरी। शहर में जुआ-सट्टे के खिलाफ पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए जालमपुर वार्ड स्थित एक मकान में चल रहे जुए के अड्डे का भंडाफोड़ किया है। पुलिस ने मौके से 6 जुआरियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से 55 हजार 600 रुपए नकद बरामद किए गए हैं।
मामला कोतवाली थाना क्षेत्र का है। पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि जालमपुर वार्ड के एक मकान में कुछ लोग जुआ खेल रहे हैं और बड़ी रकम दांव पर लगाई जा रही है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने मौके पर दबिश देने की योजना बनाई।
पुलिस टीम के अचानक पहुंचते ही जुआरियों में हड़कंप मच गया। जवानों ने मौके पर मौजूद छह लोगों को पकड़ लिया। तलाशी और कार्रवाई के दौरान पुलिस ने जुए में दांव पर लगाई गई 55,600 रुपए की नकदी बरामद की।
पुलिस के मुताबिक, पकड़े गए सभी आरोपी धमतरी शहर के रहने वाले हैं। उनके खिलाफ जुआ एक्ट के तहत कार्रवाई की गई है।
पुलिस की इस कार्रवाई के बाद जुआ खेलने और खिलाने वालों में हड़कंप मचा हुआ है। पुलिस का कहना है कि शहर और आसपास के इलाकों में अवैध जुआ-सट्टा गतिविधियों पर लगातार नजर रखी जा रही है। ऐसे मामलों में आगे भी कार्रवाई जारी रहेगी।




