रायपुर। राजधानी रायपुर में चाकूबाजी की घटनाएं थमने का नाम नहीं ले रही हैं। ताजा मामला आजाद चौक थाना क्षेत्र के तात्यापारा इलाके का है, जहां ईद के जुलूस के दौरान एक पुराने हिस्ट्रीशीटर ने पुरानी रंजिश को लेकर तीन युवकों पर हमला कर दिया। हमले में एक युवक को चाकू मारा गया, जबकि दो अन्य युवक मारपीट में घायल हुए हैं।
यह भी पढ़े :- सरकारी अस्पताल में AC ब्लास्ट से भीषण आग, 15 नवजातों की मौत
जानकारी के अनुसार, घटना उस समय हुई जब इलाके से ईद का जुलूस निकल रहा था। इसी दौरान आरोपी ने पुरानी रंजिश को लेकर तीन युवकों के साथ विवाद शुरू कर दिया। देखते ही देखते विवाद मारपीट में बदल गया।
आरोप है कि आरोपी ने एक युवक की कमर में चाकू घोंप दिया, जिससे वह घायल हो गया। वहीं मारपीट के दौरान दो अन्य युवकों के सिर और शरीर के अन्य हिस्सों में चोटें आई हैं।
घटना को अंजाम देने वाले आरोपी की पहचान आरिफ सोफिया खान उर्फ मोंटी के रूप में हुई है, जो ईदगाह भाटा क्षेत्र का निवासी बताया जा रहा है। आरोपी का पुराना आपराधिक रिकॉर्ड होने की भी जानकारी सामने आई है।
घटना के बाद इलाके में हड़कंप मच गया। जुलूस के दौरान हुई चाकूबाजी की सूचना मिलते ही आजाद चौक थाना पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी। घायल युवकों के बयान और अन्य साक्ष्यों के आधार पर पूरे घटनाक्रम की जांच की जा रही है।




