इस्लामाबाद। पाकिस्तान की राजधानी इस्लामाबाद के सरकारी पाकिस्तान इंस्टीट्यूट ऑफ मेडिकल साइंसेज (PIMS) अस्पताल में बुधवार सुबह भीषण आग लगने से 15 नवजात बच्चों की मौत हो गई। हादसा अस्पताल की तीसरी मंजिल पर स्थित महिला एवं बाल स्वास्थ्य वार्ड के नर्सरी सेक्शन में हुआ। हादसे के वक्त यहां 16 नवजात भर्ती थे, जिनमें से केवल एक को सुरक्षित बचाया जा सका।
यह भी पढ़े ;- 28 अगस्त को चंद्र ग्रहण: इन 5 राशियों को रहना होगा सावधान, जानें क्या बरतें सावधानी
पाकिस्तान के जियो न्यूज के मुताबिक, सुबह करीब 6:45 बजे नर्सरी वार्ड में AC का कंप्रेसर फटने के बाद आग लगी। देखते ही देखते आग ने पूरे वार्ड को अपनी चपेट में ले लिया। रेस्क्यू टीम ने खिड़की का शीशा तोड़कर वार्ड में प्रवेश किया और बचाव अभियान शुरू किया। अधिकारियों के अनुसार, 14 बच्चों के शव आग में बुरी तरह जल गए।
छह दमकल गाड़ियां और चार एंबुलेंस मौके पर पहुंचीं
हादसे की सूचना मिलते ही छह दमकल गाड़ियां और चार एंबुलेंस मौके पर पहुंचीं। रेस्क्यू टीम ने अस्पताल में मौजूद अन्य लोगों को भी सुरक्षित बाहर निकाला। इस दौरान 19 लोगों को बचाया गया, जिनमें 10 महिलाएं, 7 बच्चे और 2 पुरुष शामिल हैं।
रेस्क्यू टीम ने आग पर काबू पा लिया है। फिलहाल प्रभावित वार्ड को ठंडा करने और मौके की जांच का काम जारी है।
24 घंटे में मांगी गई जांच रिपोर्ट
हादसे की जांच के लिए एडिशनल डिप्टी कमिश्नर की अध्यक्षता में जांच कमेटी गठित की गई है। कमेटी आग लगने के कारणों के साथ अस्पताल में मौजूद अग्नि सुरक्षा व्यवस्था की भी जांच करेगी। उसे 24 घंटे के भीतर अपनी रिपोर्ट सौंपने के निर्देश दिए गए हैं।
पाकिस्तान के प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ ने हादसे पर गहरा दुख जताया है। उन्होंने घटना की जांच के आदेश देते हुए कहा कि लापरवाही के लिए जिम्मेदार पाए जाने वाले लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
PIMS इस्लामाबाद का प्रमुख सरकारी अस्पताल है और शहर के सबसे पुराने अस्पतालों में शामिल है। अस्पताल की वेबसाइट के अनुसार, महिला एवं बाल स्वास्थ्य वार्ड में कुल 156 बेड हैं। यह वही अस्पताल है, जहां पाकिस्तान के पूर्व प्रधानमंत्री इमरान खान को अदालत के आदेश पर स्वास्थ्य जांच के लिए लाया गया था।




