बालोद। वन्यजीवों के अवैध शिकार के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत वन विभाग की टीम ने बड़ी कार्रवाई करते हुए एक संदिग्ध शिकारी को मौके से गिरफ्तार किया है। आरोपी जंगल में वन्यजीवों को फंसाने के लिए जाल बिछाकर शिकार की तैयारी कर रहा था। हालांकि, किसी वन्यजीव के जाल में फंसने से पहले ही गश्त कर रही वन विभाग की टीम ने आरोपी को पकड़ लिया।
यह भी पढ़े :- कैलाश गुफा के पास हाथियों का हमला, ग्रामीण गंभीर घायल; 16 हाथियों के दल से दहशत
मामला डौंडी वन परिक्षेत्र के चिहरो कक्ष क्रमांक-126 आरएफ का है। वन विभाग की टीम नियमित गश्त और निगरानी पर निकली थी। इसी दौरान जंगल क्षेत्र में संदिग्ध गतिविधियां नजर आने पर टीम ने जांच शुरू की। तलाशी और पूछताछ के दौरान ग्राम तेवड़ा (आमाबेड़ा) निवासी सुधु राम आंचला पिता ऐतवारु राम आंचला के शिकार की तैयारी में शामिल होने की जानकारी सामने आई।
वन विभाग की टीम ने आरोपी को हिरासत में लेकर उसके कब्जे से शिकार में इस्तेमाल होने वाली सामग्री बरामद की। जब्त सामान में बांस से बना गुलेल, मिट्टी से तैयार गोलियां, एक टंगिया, एक गैती और वन्यजीवों को पकड़ने के लिए इस्तेमाल होने वाली तीन जालियां शामिल हैं।
प्रारंभिक जांच में सामने आया कि आरोपी पिछले कुछ दिनों से अपने गांव तेवड़ा से चिहरो क्षेत्र में आकर रह रहा था। वन विभाग को आशंका है कि वह जंगल में वन्यजीवों का शिकार करने की तैयारी में था। हालांकि, समय रहते वन विभाग की टीम की नजर उस पर पड़ गई और संभावित शिकार की घटना को टाल दिया गया।
15 अगस्त को आरोपी को पकड़े जाने के बाद वन विभाग की टीम ने उससे पूछताछ की। देर शाम कार्रवाई पूरी होने के कारण आरोपी को डौंडी पुलिस की अभिरक्षा में रखा गया। वन विभाग द्वारा मामले में आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद आरोपी को न्यायालय के समक्ष पेश किया जाएगा।
अधिकारियों के मुताबिक, जंगलों में अवैध शिकार और वन्यजीवों की सुरक्षा को लेकर लगातार निगरानी की जा रही है। गश्ती दलों को संवेदनशील क्षेत्रों में विशेष सतर्कता बरतने के निर्देश दिए गए हैं। वन्यजीवों के शिकार के लिए जाल बिछाने जैसी गतिविधियों पर विभाग की टीम लगातार नजर रख रही है।
इस कार्रवाई में डौंडी रेंजर जीवन भोंडेकर, दल्लीराजहरा रेंजर संतोष ठाकुर, एसडीओ एमसी डहरे सहित वन विभाग के अन्य अधिकारी-कर्मचारी शामिल रहे।
वन विभाग की इस कार्रवाई से जंगल में संभावित अवैध शिकार की घटना को समय रहते रोकने में सफलता मिली है। अब विभाग आरोपी से पूछताछ के आधार पर यह पता लगाने में जुटा है कि वह अकेले शिकार की तैयारी कर रहा था या उसके साथ अन्य लोग भी शामिल थे।




