जशपुर। जिले में हाथियों का आतंक लगातार चिंता का कारण बना हुआ है। बगीचा वन परिक्षेत्र में इन दिनों करीब 16 हाथियों का दल विचरण कर रहा है। हाथियों की मौजूदगी से जंगल से लगे गांवों में दहशत का माहौल है। इसी बीच कैलाश गुफा के पास मेला स्थल के नजदीक एक ग्रामीण पर हाथियों ने हमला कर दिया, जिसमें वह गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना के बाद क्षेत्र में सुरक्षा को लेकर चिंता और बढ़ गई है।
यह भी पढ़े :- ज्वेलर्स दुकान चोरी का खुलासा, दो महिलाओं समेत 5 आरोपी गिरफ्तार
जानकारी के अनुसार, हाथियों का दल इन दिनों मैनी-बिमड़ा के जंगल क्षेत्र में घूम रहा है। वन विभाग की टीम हाथियों की गतिविधियों पर लगातार नजर बनाए हुए है। इसी दौरान कैलाश गुफा के समीप ग्रामीण के साथ हाथियों के हमले की घटना सामने आई। घायल ग्रामीण को उपचार के लिए अस्पताल ले जाया गया है।
कैलाश गुफा जशपुर जिले का प्रसिद्ध धार्मिक स्थल है, जहां विशेष रूप से सावन के दौरान बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंचते हैं। सावन सोमवार को यहां भक्तों की भीड़ बढ़ जाती है। ऐसे में हाथियों के हमले की घटना ने श्रद्धालुओं की सुरक्षा को लेकर भी चिंता बढ़ा दी है।
बताया जा रहा है कि बलरामपुर जिले के श्रीकोट क्षेत्र से करीब 10 हजार कांवड़िए पवित्र जल लेकर कैलाश गुफा की ओर रवाना हुए हैं। कांवड़िए यहां पहुंचकर भगवान शिव का जलाभिषेक करेंगे। बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के पहुंचने की संभावना को देखते हुए वन विभाग और प्रशासन के सामने सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखने की चुनौती बढ़ गई है।
वन विभाग की टीम हाथियों के झुंड की लोकेशन लगातार ट्रैक कर रही है। ग्रामीणों को हाथियों से दूरी बनाए रखने और जंगल की ओर अकेले नहीं जाने की सलाह दी जा रही है। संवेदनशील इलाकों में मुनादी कराकर लोगों को सतर्क किया जा रहा है।
वन विभाग अधिकारियों के मुताबिक, हाथियों की गतिविधियों के आधार पर लोगों को लगातार अलर्ट किया जा रहा है। कैलाश गुफा आने वाले श्रद्धालुओं की सुरक्षा को लेकर भी जरूरी सावधानियां बरती जा रही हैं, ताकि हाथियों और इंसानों के बीच टकराव की स्थिति को टाला जा सके।
पहले भी हो चुकी है जनहानि
जशपुर जिले में मानव-हाथी संघर्ष की घटनाएं पहले भी सामने आती रही हैं। हाल ही में घुघरी कदमटोली गांव में हाथियों के दल ने जंगल के किनारे बने एक कच्चे मकान को निशाना बनाया था। घटना के दौरान घर में सो रहे करीब 70 वर्षीय बुजुर्ग की हाथियों के हमले में मौत हो गई थी।
अब कैलाश गुफा के पास ग्रामीण पर हुए हमले ने वन विभाग की चिंता बढ़ा दी है। फिलहाल विभाग की टीम हाथियों के मूवमेंट पर नजर रख रही है और ग्रामीणों के साथ-साथ श्रद्धालुओं को भी सतर्क रहने की सलाह दी जा रही है।




