नई दिल्ली: जनगणना 2027 के दूसरे चरण के लिए केंद्र सरकार ने 40 सवालों की सूची अधिसूचित कर दी है। इस बार जनगणना के दौरान नागरिकों से उनकी अनुसूचित जाति (SC), अनुसूचित जनजाति (ST), जाति और कोविड-19 टीकाकरण से जुड़ी जानकारियां भी एकत्र की जाएंगी।
यह भी पढ़े :- एक्सक्लूसिव – खदानों का विस्तार, पुराने विवादों का साया: जयसवाल निको पर फिर उठे सवाल ?
वर्ष 1931 के बाद यह देश की पहली व्यापक जातिगत गणना होगी। इसके अलावा, जनगणना 2027 भारत की पहली पूरी तरह डिजिटल जनगणना भी बनने जा रही है।
दूसरे चरण की प्रश्नावली में शामिल मुख्य बिंदु
गृह मंत्रालय के अंतर्गत भारत के रजिस्ट्रार जनरल (RGI) कार्यालय द्वारा जारी ‘हाउसहोल्ड शेड्यूल’ के अनुसार, दूसरे चरण यानी जनसंख्या गणना (Population Enumeration) में निम्नलिखित प्रमुख जानकारियां ली जाएंगी:

व्यक्तिगत पहचान व संबंध: नाम, परिवार के मुखिया से संबंध, लिंग, जन्मतिथि, वर्तमान आयु, घोषित राष्ट्रीयता और धर्म।
जाति व सामाजिक विवरण: अनुसूचित जाति (SC), अनुसूचित जनजाति (ST) या अन्य जाति से संबंधित विवरण।
पारिवारिक व वैवाहिक स्थिति: वैवाहिक स्थिति, विवाह के समय उम्र, पति/पत्नी का नाम, माता-पिता की जानकारी, तथा महिलाओं के लिए प्रजनन क्षमता से जुड़े आंकड़े।
शिक्षा व डिजिटल साक्षरता: साक्षरता दर, डिजिटल साक्षरता की स्थिति, उच्चतम शैक्षणिक स्तर व विषय।
आर्थिक व कार्य विवरण: रोजगार/व्यवसाय का प्रकार, आर्थिक गतिविधियां, काम के स्थान तक आने-जाने का माध्यम।
प्रवास व निवास: जन्म स्थान, पिछला निवास, प्रवास का कारण और वर्तमान निवास स्थान की अवधि।
दस्तावेज व पहचान पत्र: बैंक खातों की संख्या, मोबाइल नंबर, आधार नंबर, मतदाता पहचान पत्र, पासपोर्ट और ड्राइविंग लाइसेंस की उपलब्धता।
अन्य स्वास्थ्य आंकड़े: कोविड-19 टीकाकरण का स्थान।




