भिलाई। भिलाई-3 स्थित रेलवे के पावर हाउस (PP) यार्ड में केंद्रीय अन्वेषण ब्यूरो (CBI) की अचानक हुई कार्रवाई से रेल महकमे में हड़कंप मच गया है। दिल्ली से पहुंची CBI की विशेष टीम ने देर शाम यार्ड में दबिश देकर जांच-पड़ताल शुरू की। मामले में कार्रवाई करते हुए टीम ने सीनियर DME (डिविजनल मैकेनिकल इंजीनियर) के. अनमोल उईके के चेंबर को सील कर दिया है।
यह भी पढ़े :- लगातार अपराधों में संलिप्त बदमाश पर जिला बदर की कार्रवाई, 6 जिलों से 2 महीने के लिए निष्कासन
सूत्रों के अनुसार, यह कार्रवाई एक ठेकेदार द्वारा दर्ज कराई गई शिकायत के आधार पर की जा रही है। आरोप है कि वरिष्ठ अधिकारी द्वारा बकाया बिलों को पास करने के एवज में मोटी रकम (रिश्वत) की मांग की जा रही थी। शिकायत को गंभीरता से लेते हुए दिल्ली से CBI की टीम भिलाई पहुंची और देर रात से ही यार्ड में डेरा डाले हुए है।
शुक्रवार सुबह करीब 10 बजे CBI की टीम ने दोबारा सीनियर DME कार्यालय के दस्तावेजों और डिजिटल रिकॉर्ड्स को खंगालना शुरू किया। कार्रवाई के दौरान किसी भी बाहरी व्यक्ति के प्रवेश पर रोक लगा दी गई है। CBI द्वारा संबंधित फाइलों, बिल भुगतान से जुड़े दस्तावेजों और वित्तीय लेन-देन की गहनता से जांच की जा रही है।
कार्रवाई पूरी होने और अधिकारियों के आधिकारिक बयान के बाद ही इस पूरे मामले में स्थिति पूरी तरह स्पष्ट हो पाएगी।




