कटघोरा (कोरबा)। सोशल मीडिया पर सनातन देवी-देवताओं को लेकर की गई एक अभद्र टिप्पणी के बाद कटघोरा क्षेत्र में भारी जनआक्रोश देखने को मिल रहा है। आरोपी युवक नितेश मिरी उर्फ मिंटू मिरी द्वारा अपने इंस्टाग्राम अकाउंट से भगवान शिव और प्रभु श्री राम को लेकर अमर्यादित पोस्ट साझा किए जाने के विरोध में पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है।
यह भी पढ़े :- बस्तर 2.0 : नक्सलवाद के दौरान और आज
सावन मास में आपत्तिजनक पोस्ट से उपजा विवाद
जानकारी के अनुसार, आरोपी ने पवित्र सावन माह के दौरान मांस सेवन से संबंधित एक आपत्तिजनक वीडियो सोशल मीडिया पर शेयर किया था। इस विवादित पोस्ट से स्थानीय श्रद्धालुओं और सनातन समाज की धार्मिक भावनाएं आहत हुईं।
भाजपा नेताओं और नागरिकों ने दर्ज कराई शिकायत
घटना के विरोध में भाजपा प्रदेश कार्यसमिति सदस्य मीना शर्मा, जिला उपाध्यक्ष मनोज डिकसेना सहित कई भाजपा पदाधिकारियों और आम नागरिकों ने कटघोरा थाने पहुंचकर आरोपी के खिलाफ लिखित शिकायत दर्ज कराई। शिकायतकर्ताओं का कहना था कि इस प्रकार के बयानों और पोस्ट्स से समाज में वैमनस्यता फैलती है और धार्मिक आस्था को ठेस पहुँचती है।
भारतीय न्याय संहिता (BNS) के तहत मामला दर्ज
मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए कटघोरा थाना पुलिस ने तुरंत संज्ञान लिया और आरोपी नितेश मिरी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 299 के तहत प्राथमिकी (FIR) दर्ज कर ली है। पुलिस प्रशासन का कहना है कि मामले में आगे की वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।




