रायपुर। राजधानी रायपुर में प्रोएक्टिव पुलिसिंग के तहत पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए पंडरी स्थित कल्याण ज्वेलर्स में डकैती की साजिश को वारदात से पहले ही विफल कर दिया। गुढ़ियारी थाना पुलिस ने तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से एक देशी पिस्टल, दो जिंदा कारतूस, दो चाकू, तीन मोबाइल फोन और नकदी बरामद की है। मामले में दो अन्य आरोपी अब भी फरार हैं, जिनकी तलाश जारी है।
पुलिस कमिश्नर डॉ. संजीव शुक्ला के निर्देशन में संदिग्ध व्यक्तियों और असामाजिक तत्वों के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के दौरान गुढ़ियारी थाना पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि कुछ युवक रेलवे स्टेशन के प्लेटफॉर्म नंबर-7 के पीछे नए रोड के पास संदिग्ध अवस्था में मौजूद हैं और किसी बड़ी वारदात की योजना बना रहे हैं।
सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने तत्काल घेराबंदी कर तीन युवकों को पकड़ लिया। तलाशी लेने पर उनके पास से एक देशी पिस्टल, दो जिंदा कारतूस, दो चाकू, तीन मोबाइल फोन और 2,500 रुपये नकद बरामद हुए। पूछताछ में आरोपियों ने खुलासा किया कि वे पंडरी स्थित कल्याण ज्वेलर्स में रात के समय डकैती डालने की योजना बना रहे थे।
जांच में सामने आया कि आरोपियों ने वारदात की तैयारी काफी पहले शुरू कर दी थी। एक आरोपी ने 1 अप्रैल 2026 को कल्याण ज्वेलर्स की रेकी की थी। इस दौरान दुकान की सुरक्षा व्यवस्था, आसपास का इलाका और भागने के संभावित रास्तों की जानकारी जुटाई गई थी। फरार दोनों साथी मोबाइल फोन के जरिए लगातार संपर्क में रहकर रेकी की तस्वीरें साझा कर रहे थे और पूरी योजना तैयार कर रहे थे।
पुलिस ने गिरफ्तार आरोपियों के खिलाफ गुढ़ियारी थाना में अपराध क्रमांक 321/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 310(4) (डकैती का प्रयास) तथा आर्म्स एक्ट की धारा 25 के तहत मामला दर्ज कर लिया है।
पूछताछ के दौरान पुलिस आरोपियों के आपसी संपर्क, हथियारों की व्यवस्था, डकैती की पूरी साजिश और फरार साथियों की भूमिका की जांच कर रही है। साथ ही मोबाइल फोन और अन्य तकनीकी साक्ष्यों का भी परीक्षण किया जा रहा है।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान देवांश शर्मा (19) निवासी सागरपुर, दिल्ली, सुशांत कुमार पासवान (19) निवासी नजफगढ़, दिल्ली और मयंक सिंह (19) निवासी सिकंदरपुर, मुजफ्फरपुर (बिहार) के रूप में हुई है।
पुलिस के अनुसार समय रहते की गई कार्रवाई से राजधानी में एक बड़ी डकैती की वारदात टल गई। फरार दोनों आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार दबिश दी जा रही है। यह पूरी कार्रवाई डीसीपी उत्तर दीपमाला कश्यप, एडीसीपी आदित्य पांडेय और एसीपी पूर्णिमा लामा के निर्देशन में गुढ़ियारी थाना पुलिस टीम ने अंजाम दी।



