बालोद। वन विभाग और उड़नदस्ते की संयुक्त टीम ने क्षेत्र में अवैध लकड़ी तस्करी के खिलाफ एक बड़ी कार्रवाई को अंजाम दिया है। टीम ने अंगारी गांव की सरपंच के मकान में दबिश देकर लाखों रुपये मूल्य के अवैध सागौन के चिरान और गोले बरामद किए हैं।
यह भी पढ़े :- स्कूल में पढ़ाई या ‘नशे की पाठशाला’? शिक्षक का वीडियो वायरल, ग्रामीणों का फूटा गुस्सा
प्राप्त जानकारी के अनुसार, बरामद लकड़ियों की मात्रा इतनी अधिक थी कि उन्हें काष्ठागार ले जाने के लिए वन विभाग को दो माजदा गाड़ियों का सहारा लेना पड़ा। इस पूरे मामले में अंगारी सरपंच के पति अश्विनी डड़सेना के खिलाफ वन अधिनियम के तहत वैधानिक कार्रवाई की जा रही है। जब्त की गई लकड़ियों की कुल कीमत और सटीक माप की विस्तृत जानकारी विभाग द्वारा गणना पूरी होने के बाद जारी की जाएगी।
मामले की पुष्टि करते हुए डीएफओ (DFO) अभिषेक अग्रवाल ने बताया कि सरपंच के मकान से भारी मात्रा में सागौन के चिरान और गोल लट्ठे मिले हैं। विभाग फिलहाल इस बात की गहन जांच कर रहा है कि इतनी बड़ी मात्रा में सागौन कहां से काटकर लाया गया था और किस आरा मिल (सौ मिल) में इसकी चिरान कराई गई थी। इसके अतिरिक्त, घर के भीतर अवैध लकड़ी से बनाए गए नए फर्नीचरों को भी चिह्नित कर नियम अनुसार विधिवत कार्रवाई की जा रही है।



