गोरखपुर: उत्तर प्रदेश के गोरखपुर जिले में एक महिला डॉक्टर ने अपने पति (एनेस्थोलॉजिस्ट), सास, ससुर और ननद के खिलाफ दहेज उत्पीड़न, ब्लैकमेलिंग, धोखाधड़ी, हत्या के प्रयास और बिना तलाक दिए दूसरी शादी करने जैसे गंभीर आरोपों में एफआईआर (FIR) दर्ज कराई है। पीड़िता की शिकायत पर शाहपुर थाना पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
यह भी पढ़े :- सरपंच के घर वन विभाग की सर्जिकल स्ट्राइक, दो गाड़ियां भरकर निकला अवैध सागौन, हड़कंप
शादी में खर्च हुए थे ₹50 लाख, फिर भी फॉर्च्यूनर की मांग
शाहपुर क्षेत्र की रहने वाली और वर्तमान में बस्ती जिले में तैनात महिला डॉक्टर का विवाह 29 नवंबर 2019 को छत्तीसगढ़ के रहने वाले एक डॉक्टर से हुआ था। पीड़िता का कहना है कि उनके पिता (पेशे से इंजीनियर) ने शादी में ₹50 लाख खर्च किए थे। इसके बावजूद ससुराल पक्ष के लोग विवाह के पहले ही दिन से फॉर्च्यूनर कार और अतिरिक्त दहेज की मांग को लेकर उन्हें प्रताड़ित करने लगे।
नशीला पदार्थ देकर बनाए अश्लील वीडियो, फिर किया ब्लैकमेल
पीड़िता ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि पेशे से एनेस्थोलॉजिस्ट (बेहोशी का डॉक्टर) पति कोल्ड ड्रिंक में नशीला पदार्थ देकर उन्हें बेहोश कर देता था और उनके न्यूड वीडियो बना लेता था। इसके बाद वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल करने की धमकी देकर उन्हें ब्लैकमेल करने लगा। डर के मारे पीड़िता के मायके वालों ने मार्च 2022 में ₹32.50 लाख देकर फॉर्च्यूनर कार खरीदवाई। इसके बाद भी आरोपी ने पीड़िता की ₹20 लाख की एफडी में से ₹10 लाख तुड़वाकर अपने पास रख लिए।
बिना तलाक दिए महिला डॉक्टर से की दूसरी शादी
पीड़िता के अनुसार, आरोपी पति के कई अन्य महिलाओं के साथ अवैध संबंध थे। विरोध करने पर वह मारपीट और तलाक की धमकी देता था। बाद में पति ने एनेस्थीसिया विभाग की ही एक अन्य महिला डॉक्टर से बिना तलाक दिए दूसरी शादी कर ली। फरवरी 2025 में दोनों छत्तीसगढ़ से फ्लाइट पकड़कर पुणे (महाराष्ट्र) हनीमून पर भी गए थे।
पंखे से लटकाकर जान से मारने की कोशिश
पीड़िता का आरोप है कि 7 मई 2026 को आरोपी पति और ससुराल वालों ने उनके साथ जमकर मारपीट की और गले में रस्सी बांधकर पंखे से लटका दिया। गनीमत रही कि रस्सी टूट गई और पीड़िता की जान बच गई। इसके बाद आरोपियों ने पीड़िता को उनके दोनों बच्चों (एक बेटा और एक बेटी) के साथ घर से निकाल दिया।
इसके बाद, 12 जुलाई 2026 को आरोपी पक्ष पीड़िता के शाहपुर स्थित मायके पहुंचा और बेटे को छीनने तथा जबरन तलाक के कागजात पर दस्तखत कराने का दबाव बनाने लगा। मना करने पर आरोपियों ने पीड़िता पर हमला कर उन्हें घायल कर दिया।
पुलिस का बयान
शाहपुर थाना प्रभारी जितेंद्र कुमार सिंह ने बताया कि पीड़िता की तहरीर पर आरोपी पति, सास, ससुर और ननद के खिलाफ हत्या के प्रयास, दहेज उत्पीड़न, धोखाधड़ी और जबरन दूसरी शादी करने समेत कई गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। पुलिस मामले की गहनता से जांच कर रही है और साक्ष्यों के आधार पर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।



