बीजापुर, 25 जुलाई। CRPF Operation : छत्तीसगढ़ के बीजापुर जिले में सुरक्षाबलों ने नक्सल विरोधी अभियान के तहत बड़ी सफलता हासिल करते हुए नक्सलियों के छह छिपे हुए डंप बरामद किए हैं। संयुक्त सर्च ऑपरेशन के दौरान आईईडी और विस्फोटक बनाने की सामग्री, रेडियो सेट, इलेक्ट्रिक उपकरण, कपड़े समेत करीब 30 प्रकार की सामग्री जब्त की गई। अधिकारियों के अनुसार, नक्सलियों ने इन सामग्रियों को भविष्य में सुरक्षा बलों को नुकसान पहुंचाने की मंशा से जंगल में छिपाकर रखा था।
जानकारी के मुताबिक, विश्वसनीय सूचना के आधार पर सीआरपीएफ बीजापुर रेंज के डीआईजी बी.एस. नेगी के निर्देशन में यह अभियान चलाया गया। ऑपरेशन में 199वीं वाहिनी, 85वीं वाहिनी और 202 कोबरा बटालियन की संयुक्त टीम शामिल रही। अभियान का नेतृत्व वरिष्ठ अधिकारियों की निगरानी में किया गया।
सुरक्षाबलों ने पीडिया और मुतवंडी क्षेत्र के हिरमगुंडा गांव के जंगलों में सघन तलाशी अभियान चलाया। ऑपरेशन के दौरान जवानों ने पूरे इलाके की घेराबंदी कर चरणबद्ध तरीके से तलाशी ली। इसी दौरान जंगल में अलग-अलग स्थानों पर छिपाकर रखे गए छह डंप का पता चला।
बरामद सामग्री में कॉर्डेक्स वायर, डेटोनेटर, गन पाउडर, रेडियो सेट, विभिन्न प्रकार के इलेक्ट्रिक उपकरण, नक्सलियों के उपयोग के कपड़े और अन्य विस्फोटक सामग्री शामिल हैं। अधिकारियों ने बताया कि कुल 30 तरह की वस्तुएं जब्त की गई हैं, जिनका इस्तेमाल नक्सली संगठन अपनी गतिविधियों में करता था।
सीआरपीएफ अधिकारियों के अनुसार, हिरमगुंडा, पीडिया और आसपास का इलाका पहले नक्सली गतिविधियों का प्रमुख गढ़ माना जाता था। हालांकि पिछले कुछ समय से लगातार चलाए जा रहे सुरक्षा अभियानों के कारण इस क्षेत्र में नक्सली प्रभाव काफी हद तक कमजोर हुआ है। सुरक्षा बलों की लगातार मौजूदगी से स्थानीय ग्रामीणों में भी सुरक्षा का भरोसा बढ़ा है।
इस पूरे अभियान की खास बात यह रही कि कार्रवाई के दौरान किसी भी प्रकार की जनहानि नहीं हुई और सुरक्षाबलों ने सुरक्षित तरीके से सभी सामग्री बरामद कर ली।



