रायपुर । राजधानी रायपुर में भाजपा द्वारा किए गए प्रदर्शन के बाद कांग्रेस और भारतीय जनता पार्टी के बीच आरोप-प्रत्यारोप का दौर तेज हो गया है। कांग्रेस की प्रेस कॉन्फ्रेंस के बाद भाजपा विधायक पुरंदर मिश्रा ने तीखा पलटवार करते हुए कहा कि कांग्रेस की कथनी और करनी में जमीन-आसमान का फर्क है। उन्होंने स्पष्ट किया कि भाजपा कार्यकर्ताओं ने पूरी तरह शांतिपूर्ण प्रदर्शन किया था, जबकि पत्थरबाजी और उकसावे की शुरुआत कांग्रेस की ओर से की गई।
यह भी पढ़े :- राजीव भवन में प्रदर्शन भाजपा का नहीं सरकार का था, पूरे मंत्री कांग्रेस दफ्तर पर हमला करने आये थे
राहुल गांधी संवैधानिक मर्यादा का पालन करें: पुरंदर मिश्रा
विधायक पुरंदर मिश्रा ने कहा कि प्रधानमंत्री के खिलाफ की गई असंवैधानिक टिप्पणियों से भाजपा कार्यकर्ताओं में भारी आक्रोश था। उन्होंने आरोप लगाया कि पीएम आवास घेराव से पहले कोई पूर्व सूचना नहीं दी गई थी और राहुल गांधी को नैतिकता के आधार पर इस्तीफा देना चाहिए। मिश्रा ने कहा, “हम लड़ने या हिंसा करने नहीं गए थे। पिटाई करनी होती तो अलग तैयारी के साथ आते। प्रदर्शन के दौरान पुलिसकर्मी भी घायल हुए हैं और उपद्रवियों पर कानून के तहत कार्रवाई की गई है।”
राजीव भवन पर हमले की साजिश थी भाजपा का प्रदर्शन: सुशील आनंद शुक्ला
इससे पूर्व, प्रदेश कांग्रेस संचार विभाग के अध्यक्ष सुशील आनंद शुक्ला ने प्रेस कॉन्फ्रेंस कर भाजपा पर गंभीर आरोप लगाए। उन्होंने कहा कि यह कोई सामान्य प्रदर्शन नहीं, बल्कि राजीव भवन (कांग्रेस कार्यालय) पर हमले की सुनियोजित साजिश थी।
शुक्ला ने दावा किया कि भाजपा कार्यकर्ता ट्रैक्टरों में पत्थर, चप्पल और पानी के पाउच भरकर लाए थे और मंत्रियों के इशारे पर कांग्रेस कार्यकर्ताओं को निशाना बनाया। उन्होंने आरोप लगाया कि पुलिस ने मूकदर्शक बनी रही और उल्टा कांग्रेस कार्यकर्ताओं पर ही आंसू गैस के गोले दागे, जिससे शहर व ग्रामीण जिलाध्यक्षों समेत कई कार्यकर्ता घायल हो गए।
मंत्रियों की बर्खास्तगी की मांग, कल सभी ब्लॉकों में प्रदर्शन करेगी कांग्रेस
कांग्रेस ने आरोप लगाया कि केंद्र सरकार के दबाव में राज्य प्रशासन ने इस हमले को शह दी। शुक्ला ने मुख्यमंत्री और राज्यपाल से प्रदर्शन में शामिल मंत्रियों को तुरंत बर्खास्त करने की मांग की। साथ ही, उन्होंने घोषणा की कि इस घटना के विरोध में कांग्रेस कल राज्य के सभी ब्लॉकों में विरोध प्रदर्शन करेगी।



