धमतरी, 12 जुलाई। Police Raid : धमतरी जिले में जुआ, सट्टा और अन्य अवैध गतिविधियों के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत कुरूद थाना पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए 6 जुआरियों को रंगे हाथ गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 18,300 रुपये नकद, 5 मोबाइल फोन, ताश की गड्डी समेत करीब 29,300 रुपये का मशरूका जब्त किया है। सभी आरोपियों के खिलाफ छत्तीसगढ़ जुआ (प्रतिषेध) अधिनियम, 2022 के तहत मामला दर्ज कर वैधानिक कार्रवाई की गई है।
मुखबिर की सूचना पर पुलिस की दबिश
पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर जिलेभर में जुआ, सट्टा और अन्य गैरकानूनी गतिविधियों के खिलाफ लगातार अभियान चलाया जा रहा है। इसी दौरान कुरूद थाना पुलिस को सूचना मिली कि नया बाजार स्थित सुलभ शौचालय के पास कुछ लोग ताश के पत्तों पर रुपए-पैसों का दांव लगाकर जुआ खेल रहे हैं।
सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर चारों ओर से घेराबंदी की और दबिश देकर 6 लोगों को जुआ खेलते हुए रंगे हाथ पकड़ लिया।
नकदी, मोबाइल और ताश जब्त
तलाशी के दौरान आरोपियों के पास से ₹18,300 नकद, 5 मोबाइल फोन (अनुमानित कीमत करीब ₹11,000) और 52 पत्ती की ताश बरामद हुई। जब्त किए गए सामान की कुल कीमत करीब ₹29,300 आंकी गई है।
ये आरोपी हुए गिरफ्तार
गिरफ्तार किए गए आरोपियों की पहचान राजू साहू (25), प्रदीप सिंहा (38), करण निर्मलकर (28), अनुज शर्मा (38), सागर पुरेना (32) और सेवकराम साहू (50) के तौर पर हुई है। ये सभी कुरुद पुलिस थाना क्षेत्र के रहने वाले बताए जा रहे हैं।
जुआ, सट्टा और अवैध कारोबार पर पुलिस की सख्ती
पुलिस ने सभी आरोपियों के खिलाफ छत्तीसगढ़ जुआ (प्रतिषेध) अधिनियम, 2022 की धारा 3(2) के तहत मामला दर्ज किया है। अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि जिले में जुआ, सट्टा, अवैध शराब, मादक पदार्थों की तस्करी और अन्य गैरकानूनी गतिविधियों के खिलाफ अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा।
पुलिस ने आम नागरिकों से भी अपील की है कि यदि कहीं जुआ, सट्टा या अन्य अवैध गतिविधियों की जानकारी मिले तो तुरंत पुलिस को सूचित करें। सूचना देने वाले की पहचान पूरी तरह गोपनीय रखी जाएगी।



