रायपुर, 08 जुलाई। Monsoon Session : छत्तीसगढ़ विधानसभा के 13 जुलाई से शुरू होने वाले मानसून सत्र से पहले सियासी हलचल तेज हो गई है। विपक्ष के संभावित हमलों और जनहित के मुद्दों को देखते हुए सत्तारूढ़ भाजपा ने अपनी रणनीति को अंतिम रूप देना शुरू कर दिया है। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय की अगुवाई में सरकार और संगठन दोनों मोर्चों पर तैयारी तेज है, ताकि सदन में विपक्ष के हर सवाल का तथ्यों और आंकड़ों के साथ जवाब दिया जा सके।
बुधवार शाम मंत्रालय महानदी भवन में मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय की अध्यक्षता में कैबिनेट की महत्वपूर्ण बैठक होगी। इसमें मानसून सत्र के एजेंडे, संभावित विधेयकों, सरकारी कार्यों और सदन की रणनीति पर विस्तार से चर्चा की जाएगी।
इससे पहले भाजपा विधायक दल की बैठक में सभी विधायकों को स्पष्ट निर्देश दिए गए कि वे अपने-अपने विधानसभा क्षेत्रों के विकास कार्यों, सरकारी योजनाओं की प्रगति, लंबित परियोजनाओं और स्थानीय मुद्दों की पूरी जानकारी के साथ सदन में पहुंचें।
बैठक में पार्टी नेतृत्व ने कहा कि विपक्ष के किसी भी सवाल का जवाब केवल राजनीतिक बयानबाजी से नहीं, बल्कि ठोस तथ्यों और प्रमाणिक आंकड़ों के आधार पर दिया जाए। साथ ही यह भी सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए कि सत्र के दौरान किसी भी मुद्दे पर सरकार असहज स्थिति में नजर न आए और सभी विधायक सक्रिय भागीदारी निभाएं।
भाजपा नेतृत्व ने विधायकों से कहा कि वे अपने क्षेत्र की उपलब्धियों और सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी पूरी तैयारी के साथ रखें, ताकि सदन में सरकार का पक्ष प्रभावी ढंग से रखा जा सके।



