रायपुर। राजधानी रायपुर के खमतराई थाना क्षेत्र में स्थित कामाख्या इंटरप्राइजेज कंपनी से कॉपर रोप, कॉपर प्लेट और ब्रास राउंड की चोरी का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। इस मामले में दो चोरों समेत चोरी का सामान खरीदने वाले एक कबाड़ी को गिरफ्तार किया गया है। आरोपियों के कब्जे से चोरी किया गया सामान और वारदात में इस्तेमाल की गई मोटरसाइकिल भी बरामद कर ली गई है।
यह भी पढ़े :- बाइक चोर गिरोह का भंडाफोड़: नाबालिग समेत 2 गिरफ्तार, 5 दोपहिया वाहन बरामद
पुलिस के अनुसार, 18 जून 2026 को कंपनी के कर्मचारी राकेश सिंह ने शिकायत दर्ज कराई थी कि 11 जून की देर रात करीब 3:57 से 4:04 बजे के बीच अज्ञात बदमाश कंपनी की दीवार फांदकर अंदर घुसे और लगभग 50 किलो कॉपर रोप, 75 किलो ब्रास राउंड तथा 50 किलो कॉपर प्लेट चोरी कर फरार हो गए। चोरी गए सामान की कुल कीमत करीब 2 लाख 42 हजार रुपये आंकी गई थी। शिकायत पर खमतराई थाना में भारतीय न्याय संहिता (BNS) की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई।
जांच के दौरान पुलिस ने घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली, जिसमें दो संदिग्ध युवक चोरी का सामान ले जाते दिखाई दिए। तकनीकी साक्ष्यों और मुखबिर की सूचना के आधार पर पुलिस ने पन्नालाल पवार (35) और आकाश पारधी उर्फ बुटानु (21) को हिरासत में लेकर पूछताछ की। दोनों ने चोरी की वारदात कबूल करते हुए बताया कि चोरी का सामान मोटरसाइकिल CG 04 PQ 8968 से ले जाकर राकेश कुमार पासवान नामक कबाड़ी को बेच दिया था।
आरोपियों की निशानदेही पर पुलिस ने कबाड़ी की दुकान में छापा मारकर चोरी का सामान बरामद किया। साथ ही चोरी में प्रयुक्त मोटरसाइकिल भी जब्त कर ली गई। पुलिस ने तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है।
खमतराई थाना में आरोपियों के खिलाफ अपराध क्रमांक 555/2026 के तहत धारा 331(4), 305, 317(2) एवं 3(5) बीएनएस के अंतर्गत मामला दर्ज किया गया है। पुलिस अब यह भी जांच कर रही है कि आरोपी पहले भी इस तरह की वारदातों में शामिल रहे हैं या नहीं।



