रायपुर। राजधानी में लगातार हो रही मोटरसाइकिल चोरी की घटनाओं का खुलासा करते हुए पंडरी थाना पुलिस ने बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस ने एक अपचारी बालक (नाबालिग) और एक युवक को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से चोरी की 4 मोटरसाइकिलें तथा एक अन्य बाइक के इंजन, चेचिस और अन्य पार्ट्स बरामद किए हैं। मामले में पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ अपराध दर्ज कर आगे की जांच शुरू कर दी है।
यह भी पढ़े :- रायगढ़ पुलिस की पहल: महिला पुलिसकर्मियों को दी मासिक धर्म स्वच्छता की खास ट्रेनिंग
पुलिस कमिश्नरेट रायपुर द्वारा वाहन चोरी पर अंकुश लगाने के लिए चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत पंडरी थाना पुलिस ने कार्रवाई करते हुए एक अपचारी बालक को हिरासत में लिया। पूछताछ में उसने रायपुर शहर के अलग-अलग इलाकों से मोटरसाइकिल चोरी करने की बात स्वीकार की। आरोपी चोरी के बाद वाहनों की पहचान छिपाने के लिए उनके नंबर प्लेट निकाल देता था और उन्हें अलग-अलग स्थानों पर छिपाकर रखता था।
जांच के दौरान पुलिस को यह भी पता चला कि चोरी की गई मोटरसाइकिलों को खोलकर उनके इंजन, चेचिस और अन्य पार्ट्स अलग-अलग बेचने की तैयारी की जा रही थी। इस खुलासे के बाद पुलिस ने आसिफ बेग (20 वर्ष) को गिरफ्तार किया, जो चोरी की मोटरसाइकिलों को काटकर उनके पार्ट्स बेचने का काम करता था।
पुलिस ने अपचारी बालक की निशानदेही पर 4 चोरी की मोटरसाइकिलें बरामद कीं, जबकि आरोपी आसिफ बेग के कब्जे से एचएफ डिलक्स (क्रमांक CG 28 H 8076) के इंजन, चेचिस नंबर सहित अन्य पार्ट्स जब्त किए गए। इस कार्रवाई में कुल 5 बरामदगी की गई है।
मामले में पंडरी थाना में अपराध क्रमांक 173/2026 के तहत धारा 303(2) एवं 3(5) भारतीय न्याय संहिता (BNS) के तहत प्रकरण दर्ज कर दोनों आरोपियों के खिलाफ वैधानिक कार्रवाई की गई है। पुलिस मामले की विस्तृत जांच कर रही है ताकि यह पता लगाया जा सके कि चोरी के इस नेटवर्क में और कौन-कौन लोग शामिल हैं।
रायपुर पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि वे अपने वाहनों को सुरक्षित स्थान पर पार्क करें, अतिरिक्त सुरक्षा लॉक का उपयोग करें तथा किसी भी संदिग्ध व्यक्ति या वाहन चोरी से संबंधित जानकारी तत्काल पुलिस को दें, ताकि अपराधों पर प्रभावी अंकुश लगाया जा सके।



