रायपुर। खमतराई थाना क्षेत्र के रावाभाठा स्थित हृदयलाल चौक के पास उस समय हड़कंप मच गया जब ESIC अस्पताल के समीप तालाब किनारे एक विकसित भ्रूण पड़ा हुआ मिला। घटना की जानकारी मिलते ही बड़ी संख्या में स्थानीय लोग मौके पर जुट गए और क्षेत्र में सनसनी फैल गई।
स्थानीय लोगों के अनुसार, इसी स्थान पर पहले भी इस तरह की घटना सामने आ चुकी है, जिससे क्षेत्रवासियों में गहरी चिंता देखी जा रही है। लोगों ने आशंका जताई कि किसी अज्ञात व्यक्ति द्वारा भ्रूण को यहां लाकर फेंका गया है।
सूचना मिलने पर खमतराई पुलिस मौके पर पहुंची और भ्रूण को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है। पुलिस ने आसपास के क्षेत्र में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालनी शुरू कर दी है ताकि यह पता लगाया जा सके कि भ्रूण यहां कैसे पहुंचा और इसके पीछे कौन लोग शामिल हैं।
स्थानीय नागरिकों ने मामले की गंभीरता को देखते हुए सख्त जांच और निगरानी बढ़ाने की मांग की है। उनका कहना है कि इस तरह की घटनाएं बार-बार होना चिंता का विषय है और प्रशासन को इस पर प्रभावी कार्रवाई करनी चाहिए।
फिलहाल पुलिस मामले की हर एंगल से जांच कर रही है। जांच के बाद ही पूरे प्रकरण की वास्तविक स्थिति स्पष्ट हो पाएगी।



