El Niño Effect : छत्तीसगढ़ में इस साल एल-नीनो (El Niño) के प्रभाव के चलते सामान्य से कम बारिश होने की संभावना जताई जा रही है। इसे देखते हुए राज्य के कृषि विभाग ने किसानों को मौसम के अनुसार खेती की रणनीति बदलने और धान की जगह वैकल्पिक फसलों को अपनाने की सलाह दी है। सरकार का कहना है कि मौसम की चुनौती को अवसर में बदलकर किसान नुकसान से बचने के साथ अपनी आय भी बढ़ा सकते हैं।
यह भी पढ़े :- सरगुजा सहकारी बैंक घोटाले में ईडी की एंट्री, 30 करोड़ से ज्यादा की अनियमितता की जांच शुरू
कृषि विभाग के अनुसार प्रदेश के अपलैंड और कम जलधारण क्षमता वाली जमीनों में इस बार धान की खेती जोखिम भरी साबित हो सकती है। ऐसे में किसानों को दलहन, तिलहन और मोटे अनाज की खेती अपनाने की सलाह दी गई है, ताकि कम वर्षा की स्थिति में भी बेहतर उत्पादन मिल सके। (El Niño Effect)
इन फसलों की खेती होगी फायदेमंद
विभाग के मुताबिक कम बारिश की स्थिति में अरहर, मूंग, उड़द, कुल्थी, मूंगफली, तिल, रामतिल, कोदो, कुटकी और रागी जैसी फसलें बेहतर विकल्प साबित हो सकती हैं। ये फसलें कम पानी में तैयार हो जाती हैं और प्रतिकूल मौसम में भी किसानों का जोखिम कम करती हैं।
सरकार देगी ₹15 हजार प्रति एकड़ प्रोत्साहन
राज्य सरकार फसल विविधीकरण को बढ़ावा देने के लिए किसानों को आर्थिक सहायता भी दे रही है। योजना के तहत जो किसान अपलैंड क्षेत्रों में धान की जगह दलहन या तिलहन फसलों की खेती करेंगे, उन्हें 15 हजार रुपये प्रति एकड़ की प्रोत्साहन राशि दी जाएगी।
इसके अलावा इन फसलों की खरीदी प्रधानमंत्री आशा योजना के तहत समर्थन मूल्य (MSP) पर की जाएगी, जिससे किसानों को बाजार में बेहतर कीमत मिलने की गारंटी रहेगी।
मिट्टी की सेहत सुधरेगी, लागत भी होगी कम
कृषि विशेषज्ञों का कहना है कि दलहन और तिलहन फसलें सिर्फ आर्थिक रूप से ही नहीं बल्कि पर्यावरणीय दृष्टि से भी लाभदायक हैं। खासतौर पर दलहनी फसलें मिट्टी में नाइट्रोजन की मात्रा बढ़ाती हैं, जिससे भूमि की उर्वरता बनी रहती है और अगली फसल का उत्पादन बेहतर होता है।
इन फसलों की लागत अपेक्षाकृत कम होती है, जबकि बाजार में इनकी मांग लगातार बनी रहती है। इससे किसानों की आय में वृद्धि की संभावना भी बढ़ जाती है।
धान किसानों को भी दी गई अहम सलाह
कृषि विभाग ने मध्यम भूमि वाले किसानों को भी कम वर्षा की संभावना को देखते हुए कम अवधि में तैयार होने वाली धान की किस्मों का चयन करने की सलाह दी है। इससे पानी की कमी होने पर भी फसल को नुकसान कम होगा।
मौसम के अनुसार खेती अपनाने की अपील
कृषि विभाग ने किसानों से अपील की है कि वे वैज्ञानिक सलाह के अनुसार फसल चयन करें, फसल विविधीकरण अपनाएं और शासन की प्रोत्साहन योजनाओं का अधिकतम लाभ उठाएं।
विभाग का मानना है कि अगर किसान मौसम आधारित कृषि रणनीति अपनाते हैं तो वे संभावित सूखे के असर को कम करने के साथ अपनी आय में भी उल्लेखनीय बढ़ोतरी कर सकते हैं। (El Niño Effect)



