रायपुर। राजधानी रायपुर स्थित डॉ. भीमराव अंबेडकर स्मृति चिकित्सालय में सुरक्षा व्यवस्था पर एक बार फिर सवाल खड़े हो गए हैं। अस्पताल परिसर में इलाज के लिए आई एक महिला के बैग से 50,000 रुपये चोरी हो जाने का मामला सामने आया है।
जानकारी के अनुसार, महिला अपने पति के इलाज के लिए अस्पताल आई हुई थी, जो फिलहाल इमरजेंसी वार्ड में भर्ती है। इसी दौरान देर रात किसी समय अज्ञात चोरों ने उसके बैग से नकदी पार कर दी। घटना के बाद महिला अस्पताल चौकी में पहुंचकर रोती-बिलखती नजर आई।
सुरक्षा व्यवस्था पर उठे सवाल
अस्पताल परिसर में निजी सुरक्षा एजेंसी के कर्मचारियों और चौकी पुलिस की मौजूदगी के बावजूद हुई इस चोरी ने सुरक्षा व्यवस्था की पोल खोल दी है। परिजनों का कहना है कि इतनी सुरक्षा के बावजूद वारदात होना गंभीर लापरवाही को दर्शाता है।
पहले भी हो चुकी हैं घटनाएं
बताया जा रहा है कि इससे पहले भी अस्पताल परिसर में इस तरह की घटनाएं सामने आ चुकी हैं। कुछ महीने पूर्व एक मरीज के परिजन से लूट की वारदात हुई थी, जबकि पिछले वर्ष भी एक अन्य परिजन का पर्स अस्पताल के भीतर चोरी हो गया था।
फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है और सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं ताकि आरोपियों की पहचान की जा सके।



