रायपुर। प्रदेशवासियों के लंबे इंतजार के बाद आखिरकार दक्षिण-पश्चिम मानसून ने छत्तीसगढ़ में दस्तक दे दी है। मौसम विभाग ने सोमवार को इसकी आधिकारिक पुष्टि करते हुए बताया कि मानसून ने दंतेवाड़ा (Dantewada)जिले से प्रदेश में प्रवेश कर लिया है। इसके साथ ही अगले 24 से 48 घंटों के दौरान राज्य के कई हिस्सों में बारिश की गतिविधियां तेज होने की संभावना जताई गई है।
मौसम विभाग के अनुसार 22 जून 2026 को मानसून की उत्तरी सीमा अलीबाग, पुणे, निजामाबाद, दंतेवाड़ा, बलांगीर, सुंदरगढ़, चतरा, गया और मुजफ्फरपुर से होकर गुजर रही है। मानसून की सक्रियता बढ़ने के साथ प्रदेश में मौसम का मिजाज बदलने लगा है और कई जिलों में मध्यम से भारी बारिश के आसार हैं।
मानसून के आगमन से किसानों के चेहरे खिल उठे हैं, क्योंकि खरीफ फसलों की बुवाई के लिए अनुकूल परिस्थितियां बनने लगी हैं। वहीं आम लोगों को भीषण गर्मी और उमस से राहत मिलने की उम्मीद है।
येलो और ऑरेंज अलर्ट जारी
मौसम विभाग ने प्रदेश के कई जिलों के लिए येलो और ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। जारी नाउकास्ट अलर्ट के अनुसार दोपहर के दौरान प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में मौसम अस्थिर बना रह सकता है।
इन जिलों में ऑरेंज अलर्ट
मौसम विभाग के मुताबिक Raipur, Durg, धमतरी, बालोद, गरियाबंद, महासमुंद, बलौदा बाजार, जांजगीर-चांपा, रायगढ़, बिलासपुर, कोरबा, जशपुर, बेमेतरा, मुंगेली, सरगुजा और सूरजपुर जिलों में मेघगर्जन, बिजली चमकने, हल्की बारिश और तेज हवाओं की संभावना है।
इन इलाकों में हवा की रफ्तार 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटा तक पहुंच सकती है, जबकि कुछ स्थानों पर तेज आंधी के साथ हवाएं 40 से 60 किलोमीटर प्रति घंटा की गति से चलने की चेतावनी दी गई है।
इन जिलों में येलो अलर्ट
इसके अलावा सुकमा, बीजापुर, दंतेवाड़ा, बस्तर, नारायणपुर, कोंडागांव, कांकेर, राजनांदगांव, गौरेला-पेंड्रा-मरवाही, कबीरधाम, कोरिया और बलरामपुर समेत कई जिलों में मेघगर्जन, आकाशीय बिजली, तेज हवाएं और बारिश की संभावना जताई गई है।
मौसम विभाग ने लोगों से खराब मौसम के दौरान सतर्क रहने और बिजली गिरने की आशंका को देखते हुए सुरक्षित स्थानों पर रहने की अपील की है।