बिलासपुर। न्यायधानी बिलासपुर के व्यापार विहार इलाके में लूट की एक बड़ी वारदात सामने आई है। थोक मंडी में खरीददारी करने आए एक व्यापारी से बाइक सवार दो नकाबपोश बदमाश 3 लाख रुपये से भरा बैग छीनकर फरार हो गए। घटना के बाद पूरे इलाके में दहशत का माहौल है।
यह भी पढ़े :- Civil Service Rules : मध्यप्रदेश में बड़ा प्रशासनिक एक्शन…! तीसरी संतान के कारण उप-पंजीयक की सेवा समाप्त
जानकारी के अनुसार, नवागढ़ निवासी व्यापारी उमेश कुमार साहू व्यापारिक काम से व्यापार विहार मंडी पहुंचे थे। लहसुन, प्याज और अन्य कृषि उत्पादों की खरीदारी के बाद वे अंडा चौक के पास पहुंचे, तभी घात लगाकर बैठे बदमाशों ने उन्हें निशाना बनाया।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, बाइक सवार दोनों युवक काफी समय से व्यापारी का पीछा कर रहे थे। जैसे ही मौका मिला, उन्होंने झपट्टा मारकर व्यापारी के हाथ से नकदी से भरा बैग छीन लिया और भीड़भाड़ वाले इलाके से तेजी से फरार हो गए। घटना के बाद व्यापारी की चीख-पुकार सुनकर लोग मदद के लिए दौड़े, लेकिन तब तक आरोपी दूर निकल चुके थे।
सूचना मिलते ही तारबाहर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और इलाके की घेराबंदी कर दी। पुलिस ने आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालनी शुरू कर दी है, जिसमें पूरी वारदात कैद हो गई है।
फिलहाल पुलिस संदिग्धों की पहचान और उनकी तलाश में जुटी हुई है। घटना को लेकर व्यापारियों में नाराजगी और सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े हो रहे हैं।



