रायपुर। छत्तीसगढ़ में हाल ही में हुए नगरीय निकाय उप-चुनावों के परिणामों और शुरुआती रुझानों के बाद राज्य की राजनीति एक बार फिर गरमा गई है। जहां भारतीय जनता पार्टी इन नतीजों को जनता के समर्थन और सरकार की नीतियों पर मुहर बता रही है, वहीं कांग्रेस ने चुनाव प्रक्रिया और परिस्थितियों को लेकर सवाल खड़े किए हैं।
यह भी पढ़े :- बस्तर की शांति और आर्थिक प्रगति से कांग्रेस परेशान : भाजपा
उपचुनाव परिणामों पर प्रतिक्रिया देते हुए स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल ने भाजपा की बढ़त और जीत पर प्रसन्नता जताई। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के नेतृत्व में सरकार बनने के बाद लगातार विभिन्न स्तरों के चुनावों में भाजपा को सफलता मिल रही है, जो जनता के भरोसे का प्रमाण है। मंत्री ने कहा कि चाहे नगरीय निकाय के चुनाव हों या पंचायत स्तर के उपचुनाव, अधिकांश क्षेत्रों में भाजपा ने मजबूत प्रदर्शन किया है।
उन्होंने इसके लिए पार्टी कार्यकर्ताओं और प्रदेश की जनता का आभार भी व्यक्त किया। उन्होंने दावा किया कि इन परिणामों से यह स्पष्ट है कि प्रदेश की जनता सरकार की विकास नीतियों और कामकाज से संतुष्ट है तथा भाजपा के प्रति समर्थन लगातार बढ़ रहा है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के नेतृत्व में जनता का भरोसा मजबूत हुआ है, जिसका असर चुनाव परिणामों में दिखाई दे रहा है। कांग्रेस की ओर से लगाए जा रहे आरोपों पर प्रतिक्रिया देते हुए स्वास्थ्य मंत्री ने कहा कि कांग्रेस अपनी हार को स्वीकार करने के बजाय अलग-अलग कारण गिनाती है।
उन्होंने कहा कि जब परिणाम उनके पक्ष में नहीं आते तो वे चुनाव प्रक्रिया पर सवाल उठाने लगते हैं। श्याम बिहारी जायसवाल ने कांग्रेस पर निशाना साधते हुए कहा कि पार्टी को आत्ममंथन करना चाहिए कि लगातार चुनावों में उसकी स्थिति कमजोर क्यों हो रही है। उन्होंने यह भी दावा किया कि आने वाले समय में भाजपा की राजनीतिक स्थिति और अधिक मजबूत होगी।



