रायपुर, 02 जून। Police Commissionerate : राजधानी रायपुर के पुलिस कमिश्नरेट में कानून व्यवस्था को मजबूत करने और थानों के कामकाज को अधिक प्रभावी बनाने के लिए बड़ा कदम उठाया गया है। हाल ही में बेसिक प्रशिक्षण पूरा करने वाले 60 नए उप निरीक्षकों को विभिन्न थानों में व्यावहारिक प्रशिक्षण के लिए तैनात किया गया है। रायपुर पुलिस कमिश्नरेट की ओर से जारी आदेश के अनुसार, इन सभी उप निरीक्षकों को अलग-अलग थानों में भेजकर उन्हें जमीनी पुलिसिंग से रूबरू कराया जाएगा। इसका उद्देश्य उन्हें अपराध जांच, कानून व्यवस्था नियंत्रण, भीड़ प्रबंधन, शिकायत निपटान और थाना संचालन की वास्तविक प्रक्रिया का अनुभव देना है। प्रशिक्षण के तहत सबसे अधिक तीन-तीन उप निरीक्षकों की तैनाती शहर के प्रमुख और व्यस्त थानों में की गई है, जिनमें कोतवाली, सिविल लाइन, गोलबाजार, खमतराई, खम्हारडीह, कबीर नगर, टिकरापारा, पंडरी, पुरानी बस्ती, राजेंद्र नगर, डीडी नगर, उरला, तेलीबांधा, आमानाका, आजाद चौक और गंज थाना शामिल हैं। इन थानों को इसलिए प्राथमिकता दी गई है क्योंकि यहां अपराध और जनसंख्या का दबाव अधिक रहता है। इसके अलावा गुढ़ियारी, मुजगहन, सरस्वती नगर और देवेंद्र नगर थानों में दो-दो उप निरीक्षकों को प्रशिक्षण के लिए भेजा गया है, ताकि अपेक्षाकृत संतुलित कार्यभार वाले क्षेत्रों में उन्हें सीखने का बेहतर अवसर मिल सके। पुलिस विभाग के अधिकारियों के अनुसार यह प्रशिक्षण चरण नए उप निरीक्षकों के लिए बेहद महत्वपूर्ण है। इस दौरान उन्हें अनुभवी थाना प्रभारियों और वरिष्ठ अधिकारियों के साथ काम करने का अवसर मिलेगा, जिससे वे जांच प्रक्रिया, साक्ष्य संकलन, गिरफ्तारी की प्रक्रिया, रिपोर्ट तैयार करने और जनता से संवाद जैसी बारीकियों को व्यवहारिक रूप से समझ सकेंगे।





