रायपुर। राजधानी रायपुर में बदमाशों के हौसले लगातार बढ़ते नजर आ रहे हैं। ताजा मामला डीडी नगर थाना क्षेत्र स्थित इंद्रप्रस्थ कॉलोनी का है, जहां नशे की हालत में पहुंचे युवकों ने जमकर उत्पात मचाया और एक युवक पर डंडे से हमला कर दिया। पूरी घटना कॉलोनी में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है।
यह भी पढ़े :- महिला ने लगाया ‘लव जिहाद’, जबरन धर्मांतरण और प्रताड़ना का आरोप, पुलिस जांच में जुटी
जानकारी के मुताबिक, कुछ युवक नशे की हालत में कॉलोनी में पहुंचे थे। इस दौरान उनका अन्य युवकों के साथ विवाद हो गया। देखते ही देखते बहसबाजी गाली-गलौज और फिर मारपीट में बदल गई।
वायरल वीडियो में करीब छह युवक आपस में बहस करते दिखाई दे रहे हैं। इसी दौरान एक युवक कार के पीछे रखा डंडा उठाकर ब्लैक शर्ट पहने युवक की गर्दन पर हमला कर देता है। अचानक हुए हमले से मौके पर अफरा-तफरी मच गई।
घटना को अंजाम देने के बाद सभी आरोपी मौके से फरार हो गए। मामले की सूचना मिलने के बाद पुलिस जांच में जुट गई है और सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपियों की पहचान की जा रही है।



