कवर्धा : जिले में गुमशुदगी के एक मामले की जांच के दौरान पुलिस को संदिग्ध गतिविधियों का बड़ा सुराग मिला है। अंबिकापुर में दर्ज एक युवती की गुमशुदगी की जांच करते हुए कवर्धा पुलिस ने घोटिया बाईपास रोड स्थित एक मकान में दबिश दी, जहां से तीन युवतियां और एक युवक संदिग्ध परिस्थितियों में मिले। पुलिस ने सभी को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है।
यह भी पढ़े :- रायपुर में सुरक्षा व्यवस्था मजबूत, डायल-112 बेड़े में शामिल हुए 54 नए वाहन
मामले के सामने आने के बाद इलाके में हड़कंप मच गया है। Kawardha City Kotwali Police के थाना प्रभारी Yogesh Kashyap ने घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि अंबिकापुर पुलिस द्वारा दर्ज गुमशुदगी प्रकरण की जांच के सिलसिले में टीम कवर्धा पहुंची थी।
जांच के दौरान पुलिस को सूचना मिली कि घोटिया बाईपास रोड स्थित किरण पनागर के मकान में संदिग्ध गतिविधियां संचालित हो रही हैं। सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर छापेमारी की।
टीआई योगेश कश्यप के अनुसार, जिस गुमशुदा युवती की तलाश में पुलिस पहुंची थी, वह मौके पर नहीं मिली। हालांकि मकान में तीन अन्य युवतियां और एक युवक मौजूद मिले, जिनकी गतिविधियां संदिग्ध पाई गईं। मामले को गंभीरता से लेते हुए पुलिस ने सभी को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है।
प्रारंभिक जांच में पुलिस को यह जानकारी मिली है कि उक्त मकान में कथित रूप से देह व्यापार का अवैध कारोबार संचालित किया जा रहा था। हालांकि पुलिस ने अभी इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं की है, लेकिन इस एंगल से जांच जारी है। पुलिस यह भी पता लगाने में जुटी है कि मामला केवल गुमशुदगी तक सीमित है या इसके पीछे कोई बड़ा नेटवर्क सक्रिय है।
सूत्रों के मुताबिक, पुलिस ने मौके से मोबाइल फोन, दस्तावेज और अन्य सामग्री भी जब्त की है। डिजिटल साक्ष्यों की जांच कर इस गतिविधि से जुड़े अन्य लोगों की जानकारी जुटाई जा रही है।



