रायपुर : रायपुर के दीनदयाल उपाध्याय नगर थाना क्षेत्र स्थित खारुन नदी में एक अज्ञात युवक का शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को नदी से बाहर निकलवाकर जांच शुरू कर दी।
यह भी पढ़े :- रायपुर में सुरक्षा व्यवस्था मजबूत, डायल-112 बेड़े में शामिल हुए 54 नए वाहन
पुलिस के अनुसार, शव काफी समय तक पानी में रहने के कारण बुरी तरह सड़-गल चुका है, जिससे मृतक की पहचान करना चुनौतीपूर्ण हो गया है। मृतक की उम्र करीब 35 से 40 वर्ष के बीच बताई जा रही है। उसका कद लगभग 5 फीट 6 इंच, चेहरा गोल और रंग सांवला है। युवक ने पीले रंग की टी-शर्ट और नीले रंग का लोवर पहन रखा था।
तलाशी के दौरान शव के पास से कोई पहचान पत्र, मोबाइल फोन या अन्य दस्तावेज बरामद नहीं हुए, जिसके चलते पुलिस को शिनाख्त में दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है।
Deendayal Upadhyay Nagar Police Station की टीम ने मौके पर पहुंचकर आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी की और पंचनामा तैयार कर शव को पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल भेज दिया है।
प्रारंभिक जांच में मामला संदिग्ध माना जा रहा है। हालांकि मौत किन परिस्थितियों में हुई, इसका खुलासा पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही हो सकेगा। पुलिस फिलहाल दुर्घटना, आत्महत्या और अन्य संभावित पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच कर रही है।



