कोरबा। जिले के कुसमुंडा स्थित केएएमकेए (कुसमुंडा सायलो) साइडिंग में कोयला लोडिंग के दौरान मालगाड़ी का इंजन पटरी से उतर जाने से कुछ समय के लिए अफरा-तफरी की स्थिति बन गई। घटना में इंजन के छह पहिए ट्रैक से नीचे उतर गए, जिससे कोयला लोडिंग और परिवहन कार्य प्रभावित हुआ।
जानकारी के अनुसार, साइडिंग में मालगाड़ी में कोयला लोड करने का काम चल रहा था। इसी दौरान अचानक इंजन के पहिए पटरी से उतर गए। घटना के समय मौजूद चालक और कर्मचारियों की सतर्कता के चलते किसी बड़े हादसे की स्थिति नहीं बनी।
घटना की जानकारी मिलते ही रेलवे और एसईसीएल के अधिकारी मौके पर पहुंचे और स्थिति का जायजा लिया। इसके बाद इंजन को दोबारा पटरी पर लाने के लिए रेलवे की एटीआर टीम को तैनात किया गया।
करीब तीन घंटे तक चले रेस्क्यू अभियान के बाद तकनीकी टीम ने इंजन को सुरक्षित तरीके से वापस ट्रैक पर चढ़ा दिया। इस दौरान कुसमुंडा साइडिंग में कोयला लोडिंग का काम कुछ समय के लिए प्रभावित रहा।
अधिकारियों के अनुसार, घटना से मुख्य रेलवे परिवहन व्यवस्था पर कोई बड़ा असर नहीं पड़ा है। रेलवे के एआरएम उत्कर्ष गौरव ने बताया कि तकनीकी टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए स्थिति को नियंत्रित कर लिया। उन्होंने कहा कि घटना में किसी तरह की जनहानि नहीं हुई है और मामले की जांच की जा रही है।



