महासमुंद। जिले में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए करोड़ों रुपये मूल्य के सोने के आभूषण जब्त किए हैं। यह कार्रवाई सिंघोड़ा थाना क्षेत्र स्थित रेहटीखोल जांच चौकी पर वाहन जांच के दौरान की गई।
यह भी पढ़े :- अमर वाटिका पहुंचे अमित शाह, शहीद जवानों को दी श्रद्धांजलि
पुलिस के अनुसार, राष्ट्रीय राजमार्ग-53 पर नियमित जांच अभियान चलाया जा रहा था। इसी दौरान ओडिशा से छत्तीसगढ़ की ओर आ रही एक संदिग्ध कार को रोककर तलाशी ली गई। जांच के दौरान वाहन की पिछली सीट के नीचे बनाए गए गुप्त चैंबर से भारी मात्रा में सोने के आभूषण बरामद किए गए।
7.5 किलो से अधिक सोना बरामद
तलाशी के दौरान पुलिस को कुल 7512.488 ग्राम सोने के आभूषण मिले, जिनकी अनुमानित कीमत करीब 9 करोड़ 27 लाख रुपये बताई जा रही है।
कार में सवार लोगों से सोने के संबंध में वैध दस्तावेज मांगे गए, लेकिन वे कोई संतोषजनक कागजात प्रस्तुत नहीं कर सके। इसके बाद पुलिस ने पूरा माल जब्त कर लिया।
गुजरात के तीन आरोपी हिरासत में
मामले में पुलिस ने गुजरात के राजकोट निवासी तीन लोगों को हिरासत में लिया है। आरोपियों की पहचान जयेश अकबरी, सुनीत कारेना और रूशी अग्रावत के रूप में हुई है।
प्रारंभिक जांच में पुलिस को सोने की अवैध तस्करी की आशंका है। बताया जा रहा है कि सोने को गुप्त तरीके से एक राज्य से दूसरे राज्य ले जाया जा रहा था।
जांच एजेंसियां करेंगी विस्तृत पड़ताल
सिंघोड़ा पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए आगे की जांच के लिए पूरा प्रकरण आयकर विभाग और राजस्व सूचना निदेशालय को सौंप दिया है।
अब जांच एजेंसियां यह पता लगाने में जुटी हैं कि जब्त किया गया सोना कहां से लाया गया था, इसे कहां पहुंचाया जाना था और इसके पीछे कौन-कौन लोग शामिल हैं।



