Petrol Diesel Price Hike: मिडिल ईस्ट में जारी तनाव और अंतरराष्ट्रीय बाजार में कच्चे तेल की कीमतों में उछाल के बीच केंद्र सरकार ने पेट्रोल और डीजल की कीमतों में बढ़ोतरी कर दी है। शुक्रवार से देशभर में पेट्रोल और डीजल के दाम बढ़ गए हैं। कई शहरों में पेट्रोल की कीमत में करीब 3 रुपये प्रति लीटर तक इजाफा हुआ है।
नई दरों के अनुसार, राजधानी दिल्ली में पेट्रोल 97.77 रुपये प्रति लीटर और डीजल 90.67 रुपये प्रति लीटर हो गया है। इससे पहले दिल्ली में पेट्रोल 94.77 रुपये और डीजल 87.67 रुपये प्रति लीटर बिक रहा था।
चार महानगरों में नई कीमतें
- दिल्ली : पेट्रोल 97.77 रुपये, डीजल 90.67 रुपये प्रति लीटर
- मुंबई : पेट्रोल 106.68 रुपये, डीजल 93.14 रुपये प्रति लीटर
- कोलकाता : पेट्रोल 108.74 रुपये, डीजल 95.13 रुपये प्रति लीटर
- चेन्नई : पेट्रोल 103.67 रुपये, डीजल 95.25 रुपये प्रति लीटर
कोलकाता में पेट्रोल 3.29 रुपये और मुंबई में 3.14 रुपये प्रति लीटर महंगा हुआ है। वहीं चेन्नई में पेट्रोल 2.83 रुपये और डीजल 2.86 रुपये प्रति लीटर बढ़ा है।
पहले ही मिल गए थे संकेत
इस सप्ताह केंद्रीय पेट्रोलियम एवं प्राकृतिक गैस मंत्री Hardeep Singh Puri ने संकेत दिए थे कि वैश्विक अनिश्चितता और कच्चे तेल की कीमतों में बढ़ोतरी के कारण ईंधन की कीमतों में इजाफा हो सकता है। उन्होंने कहा था कि पिछले चार वर्षों में पेट्रोल और डीजल की कीमतों में कोई वृद्धि नहीं की गई थी तथा तेल विपणन कंपनियों पर वित्तीय दबाव लगातार बढ़ रहा है।
मंत्री के अनुसार, तेल कंपनियों की अंडर-रिकवरी लगभग 2 लाख करोड़ रुपये तक पहुंचने की आशंका है।
पीएम मोदी ने की थी अपील
इससे पहले प्रधानमंत्री Narendra Modi ने देशवासियों से ईंधन का विवेकपूर्ण उपयोग करने की अपील की थी। उन्होंने विदेशी मुद्रा बचाने के लिए अनावश्यक ईंधन खपत कम करने, सोने की खरीद में सावधानी बरतने और गैरजरूरी विदेश यात्राएं टालने की सलाह दी थी।
इसी बीच भारतीय रुपये में भी गिरावट दर्ज की गई है और डॉलर के मुकाबले रुपया 95 के नीचे पहुंच गया है।



