दुर्ग । पुलिस ने जिले में अपराध और असामाजिक गतिविधियों पर अंकुश लगाने के लिए मंगलवार तड़के विशेष सघन चेकिंग और कॉम्बिंग गश्त अभियान चलाया। सुबह 4 बजे से 8 बजे तक चले इस अभियान में करीब 100 पुलिस जवानों ने अलग-अलग इलाकों में दबिश देकर संदिग्ध व्यक्तियों, मकानों और वाहनों की व्यापक जांच की।
यह भी पढ़े :- बेरोजगारी दर में आई कमी, युवाओं के सपने हो रहे साकार – मंत्री केदार कश्यप
यह विशेष अभियान थाना मोहन नगर और थाना सिटी कोतवाली क्षेत्र के ग्रीन चौक, टिपरापारा, हरणा बांधा और तकिया पारा इलाकों में चलाया गया। पुलिस की अचानक कार्रवाई से क्षेत्र में हड़कंप की स्थिति रही।
अभियान के दौरान पुलिस ने कई संदिग्धों से पूछताछ की और आदतन अपराधियों के ठिकानों की तलाशी ली। इसी दौरान ग्रीन चौक निवासी विकास यादव उर्फ लासा (21 वर्ष) और प्रशांत उर्फ बालू को हिरासत में लिया गया।

पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से एक तलवार, धारदार हथियार, एक गुप्ती, अवैध गांजा और एक संदिग्ध मोटरसाइकिल बरामद की है। सभी सामान को जब्त कर लिया गया है।
पुलिस के अनुसार आरोपी विकास यादव उर्फ लासा के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत कार्रवाई की जा रही है, जबकि प्रशांत उर्फ बालू पर आर्म्स एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया है। इसके अलावा संदिग्ध बाइक को लेकर मोटर व्हीकल एक्ट के तहत भी वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि जिले में अपराध नियंत्रण, शांति व्यवस्था बनाए रखने और असामाजिक तत्वों पर प्रभावी निगरानी के लिए इस तरह के अभियान लगातार जारी रहेंगे। कॉम्बिंग गश्त के दौरान पुलिस ने क्षेत्र के कई संदिग्ध स्थानों और आपराधिक गतिविधियों से जुड़े लोगों पर विशेष नजर रखी।
दुर्ग पुलिस ने साफ किया है कि अवैध हथियार रखने, मादक पदार्थों की तस्करी और असामाजिक गतिविधियों में शामिल लोगों के खिलाफ आगे भी सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।



