राजनांदगांव। छत्तीसगढ़ के डोंगरगांव से कांग्रेस विधायक दलेश्वर साहू एक बार फिर अपने बयान को लेकर चर्चा में हैं। ग्रामीणों की सड़क निर्माण की मांग के बीच दिया गया उनका एक बयान अब सोशल मीडिया और सियासी गलियारों में तेजी से वायरल हो रहा है।
यह भी पढ़े :- सोना न खरीदने की PM मोदी की अपील पर राहुल गांधी का हमला, बोले- देश चलाना अब…
जानकारी के अनुसार, डोंगरगांव विधानसभा क्षेत्र के कोपेडीह से बोदेला गांव तक पहुंच मार्ग के निर्माण की मांग को लेकर ग्रामीण लंबे समय से आंदोलनरत हैं। कई बार आश्वासन मिलने के बावजूद सड़क निर्माण कार्य शुरू नहीं होने से ग्रामीणों में नाराजगी बढ़ गई। इसी के विरोध में बड़ी संख्या में ग्रामीण विधायक निवास पहुंचे और जमकर नारेबाजी की।
इस दौरान ग्रामीणों ने विधायक को अपनी समस्याएं सुनाते हुए नाराजगी जाहिर की। माहौल को शांत कराने और लोगों को भरोसा दिलाने के लिए विधायक दलेश्वर साहू ने कहा कि यदि एक महीने के भीतर सड़क नहीं बनी, तो “मेरे नाम का कुत्ता पाल लेना।”
विधायक के इस बयान के बाद वहां मौजूद ग्रामीण भी कुछ देर के लिए हैरान रह गए। अब उनका यह बयान सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है और राजनीतिक हलकों में भी इसकी चर्चा हो रही है।
बताया जा रहा है कि विधायक दलेश्वर साहू पहले भी अपने बयानों को लेकर सुर्खियों में रह चुके हैं।



