कोरबा। जिले से एक हाईवोल्टेज ड्रामा का वीडियो सामने आया है, जिसने लोगों को फिल्मी सीन की याद दिला दी। मामला करमंदी गांव का है, जहां एक युवक अपनी पत्नी के मायके जाने से नाराज होकर करीब 150 फीट ऊंचे हाईटेंशन टॉवर पर चढ़ गया और घंटों तक हंगामा करता रहा।
जानकारी के अनुसार, घटना उरगा थाना क्षेत्र की है। करमंदी निवासी मुकेश सांडे का अपनी पत्नी से अक्सर विवाद होता था। रोज-रोज के झगड़े से परेशान होकर उसकी पत्नी मायके चली गई थी। युवक ने उसे मनाने की कई कोशिशें कीं, लेकिन वह वापस आने को तैयार नहीं हुई। युवक नशे की हालत में गांव के पास लगे हाईटेंशन टॉवर पर चढ़ गया और जोर-जोर से चिल्लाने लगा। उसे टॉवर पर चढ़ा देख आसपास के ग्रामीण घबरा गए और तुरंत पुलिस को सूचना दी।
सूचना मिलते ही थाना प्रभारी नवीन पटेल अपनी टीम के साथ मौके पर पहुंचे। टॉवर की ऊंचाई अधिक होने के कारण युवक से सीधे संवाद करना मुश्किल हो रहा था। पुलिस ने मोबाइल फोन के जरिए संपर्क करने की कोशिश की, लेकिन शुरुआत में युवक बातचीत के लिए तैयार नहीं हुआ।
इस दौरान युवक बार-बार टॉवर के करंट प्रवाहित तारों को छूने की कोशिश कर रहा था, जिससे स्थिति और भी खतरनाक हो गई। काफी मशक्कत के बाद पुलिस ने उससे बातचीत शुरू की। युवक ने साफ कहा कि जब तक उसकी पत्नी घर लौटने के लिए तैयार नहीं होगी, वह नीचे नहीं उतरेगा।
इसके बाद थाना प्रभारी ने युवक की पत्नी से संपर्क किया और उसे समझाइश दी। पत्नी ने शर्त रखी कि भविष्य में पति विवाद नहीं करेगा, तभी वह वापस लौटेगी। युवक ने इस शर्त को मान लिया, जिसके बाद करीब ढाई घंटे तक चला यह हाईवोल्टेज ड्रामा खत्म हुआ।



