दुर्ग। जिले के अम्लेश्वर थाना क्षेत्र में खारुन नदी में नहाने के दौरान एक युवक की डूबकर मौत हो गई। मृतक की पहचान मोहम्मद मोहिउद्दीन (19) के रूप में हुई है, जो रायपुर के मौदहापारा का निवासी था। युवक अपने चार दोस्तों के साथ अम्लेश्वर घूमने आया था। गुरुवार शाम सभी दोस्त खारुन नदी में नहाने उतरे। इसी दौरान मोहिउद्दीन अचानक गहरे पानी में चला गया और डूब गया। उसके दोस्तों ने तुरंत बचाने की कोशिश की, लेकिन सफल नहीं हो सके।
यह भी पढ़े :- ‘ऑपरेशन अंकुश’ का बड़ा वार! IPL सट्टे पर पुलिस का छापा, 3 सटोरिए गिरफ्तार
घटना की सूचना मिलते ही अम्लेश्वर पुलिस मौके पर पहुंची और दुर्ग कंट्रोल रूम के माध्यम से SDRF टीम को बुलाया गया। SDRF टीम रात करीब 9 बजे घटनास्थल पर पहुंच गई, लेकिन अंधेरा होने और नदी की खतरनाक स्थिति को देखते हुए रात में सर्च ऑपरेशन शुरू नहीं किया जा सका।
शुक्रवार सुबह करीब 5 बजे SDRF की टीम ने रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया। डीप डाइविंग एक्सपर्ट ओंकार और भानुप्रताप ने करीब दो घंटे की लगातार मशक्कत के बाद सुबह 7 बजे शव को घटनास्थल से लगभग 30 मीटर दूर से पानी से बरामद कर लिया।
शव को बाहर निकालकर पुलिस को सौंप दिया गया है। परिजनों को सूचना दे दी गई है और शव का पोस्टमार्टम कराया जाएगा।
SDRF अधिकारियों ने बताया कि रात में अंधेरा और नदी की तेज धारा के कारण सर्च ऑपरेशन शुरू करना जोखिम भरा होता, इसलिए सुबह व्यवस्थित तरीके से अभियान चलाकर शव बरामद किया गया।



