रायगढ़। आईपीएल सीजन के दौरान ऑनलाइन क्रिकेट सट्टे पर लगाम लगाने के लिए रायगढ़ पुलिस द्वारा चलाए जा रहे “ऑपरेशन अंकुश” के तहत एक और बड़ी कार्रवाई की गई है। साइबर थाना और चौकी खरसिया पुलिस की संयुक्त टीम ने खरसिया क्षेत्र में दबिश देकर तीन सटोरियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से ₹51 हजार नकद और तीन मोबाइल फोन जब्त किए हैं।
यह भी पढ़े :- श्रमिक दिवस पर डिप्टी CM अरुण साव का संदेश, ‘सुशासन तिहार’ के साथ कांग्रेस पर साधा निशाना
गिरफ्तार आरोपियों में अंकित अग्रवाल क्षेत्र का सक्रिय और बड़ा सट्टा संचालक बताया जा रहा है, जो छिपकर ऑनलाइन सट्टा चला रहा था।
एसएसपी के निर्देशन में कार्रवाई
एसएसपी शशि मोहन सिंह के निर्देशन में आईपीएल सीजन के दौरान ऑनलाइन सट्टा गतिविधियों पर विशेष निगरानी रखी जा रही है। खरसिया क्षेत्र में ऑनलाइन क्रिकेट सट्टा संचालित होने की सूचना मिलने पर संयुक्त टीम गठित कर सुनियोजित तरीके से कार्रवाई की गई।
पहली कार्रवाई: ₹30 हजार जब्त
पहली कार्रवाई डभरा रोड खरसिया में की गई, जहां अजय उर्फ रिंकू अग्रवाल मोबाइल के जरिए ऑनलाइन सट्टा संचालित करते हुए पकड़ा गया। आरोपी के पास से OnePlus Nord CE 2 Lite 5G मोबाइल और ₹30 हजार नकद जब्त किए गए। पूछताछ में आरोपी ने अपने दो अन्य साथियों के नाम भी बताए हैं, जिनकी तलाश जारी है।
दूसरी कार्रवाई: बड़ा सट्टा नेटवर्क उजागर
दूसरी कार्रवाई में रानीसती छपरी गंज निवासी अंकित अग्रवाल को नवीन स्कूल के पास से गिरफ्तार किया गया। आरोपी Samsung Galaxy S22 मोबाइल के जरिए व्हाट्सएप ग्रुपों के माध्यम से सट्टा चला रहा था। उसके पास से ₹21 हजार नकद बरामद किए गए।
पुलिस पूछताछ में आरोपी ने अपने साथियों के साथ मिलकर ऑनलाइन सट्टा नेटवर्क संचालित करने की बात स्वीकार की है।
तीसरी कार्रवाई: वेबसाइट से चला रहा था सट्टा
नया मंगल बाजार शेड खरसिया में तीसरी कार्रवाई के दौरान नरेंद्र राठौर (34 वर्ष), निवासी सक्ती जिले को गिरफ्तार किया गया। आरोपी Realme मोबाइल के जरिए dollarbet.club वेबसाइट पर आईडी-पासवर्ड से आईपीएल मैचों में सट्टा संचालित कर रहा था।
मामला दर्ज
गिरफ्तार तीनों आरोपियों समेत उनके अन्य साथियों के खिलाफ छत्तीसगढ़ जुआ प्रतिषेध अधिनियम 2022 की धारा 6 और 7 के तहत अलग-अलग प्रकरण दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है।



