रायपुर । अंतरराष्ट्रीय श्रमिक दिवस के मौके पर छत्तीसगढ़ के उप मुख्यमंत्री अरुण साव ने श्रमिकों को बधाई देते हुए सरकार की प्राथमिकताओं को स्पष्ट किया। इस दौरान उन्होंने “सुशासन तिहार” के आयोजन की जानकारी दी और कांग्रेस पर भी तीखे आरोप लगाए।
यह भी पढ़े :- पारिस्थितिकी बहाली का छत्तीसगढ़ मॉडल – बारनवापारा में काले हिरणों की वापसी
अरुण साव ने कहा कि श्रमिकों के परिश्रम से देश का विकास संभव हो रहा है और सरकार श्रम कानूनों में सुधार कर उनके हितों की रक्षा कर रही है। उन्होंने जोर देकर कहा कि श्रमिकों को सुरक्षित कार्य वातावरण उपलब्ध कराना सरकार की प्राथमिकता है।
‘सुशासन तिहार’ से गांव-गांव तक पहुंचेगी सरकार
डिप्टी CM ने बताया कि आज से 10 जून तक “सुशासन तिहार” का आयोजन किया जाएगा। इस दौरान अधिकारी और जनप्रतिनिधि सीधे जनता से संवाद करेंगे, योजनाओं की जमीनी स्थिति का आकलन करेंगे और समस्याओं का समाधान करेंगे। उन्होंने मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के नेतृत्व में सरकार को जनहित में सक्रिय बताया।
‘बोरे बासी’ अभियान पर कांग्रेस पर हमला
अरुण साव ने कांग्रेस के ‘बोरे बासी’ अभियान को लेकर कहा कि यह सिर्फ दिखावे की राजनीति है। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस ने इस पारंपरिक भोजन को भी राजनीतिक रंग देने की कोशिश की है, जबकि यह छत्तीसगढ़ की आम जीवनशैली का हिस्सा है।
कांग्रेस बैठक और पायलट दौरे पर भी टिप्पणी
कांग्रेस की गतिविधियों पर निशाना साधते हुए साव ने कहा कि पार्टी जनता से दूर हो चुकी है और उसके अभियानों का कोई असर नहीं होगा। वहीं सचिन पायलट के दौरे को लेकर उन्होंने कहा कि कांग्रेस का जनहित से कोई लेना-देना नहीं रह गया है और जनता अब उनसे दूरी बना चुकी है।



