दुर्ग, 30 अप्रैल। BharatMala Compensation Scam : प्रवर्तन निदेशालय (ED) की टीम ने एक बार फिर छत्तीसगढ़ में बड़ी कार्रवाई करते हुए दुर्ग के महेश कॉलोनी स्थित भाजपा नेता और अमर इंफ्रा (Amar Builders) के संचालक चतुर्भुज राठी के आवास पर छापा मारा है।
सूत्रों के अनुसार, यह कार्रवाई भारतमाला परियोजना से जुड़े मामलों की जांच के सिलसिले में की गई है। ईडी की टीम ने घर और संबंधित परिसरों में दस्तावेजों की गहन जांच की।
इंफ्रास्ट्रक्चर और कारोबारी पृष्ठभूमि
चतुर्भुज राठी अमर इंफ्रा के प्रमुख संचालक हैं, जो राज्य और देश स्तर पर कई बड़ी इंफ्रास्ट्रक्चर परियोजनाओं से जुड़ी रही है। कंपनी की स्थापना 1986 में एकल स्वामित्व के रूप में हुई थी, जिसके बाद इसे कॉरपोरेट रूप दिया गया।
कंपनी की वेबसाइट पर उपलब्ध जानकारी के अनुसार, राठी के नेतृत्व में अमर इंफ्रा ने अपने कार्यक्षेत्र का विस्तार करते हुए देशभर में कई बड़ी परियोजनाओं को सफलतापूर्वक पूरा किया है। हाल के समय में उनके कोयला कारोबार में प्रवेश करने की भी चर्चा रही है। ईडी की कार्रवाई को लेकर फिलहाल आधिकारिक रूप से विस्तृत जानकारी सामने नहीं आई है, लेकिन माना जा रहा है कि जांच का दायरा भारतमाला परियोजना से जुड़े वित्तीय लेन-देन और ठेके प्रक्रियाओं तक हो सकता है।



