दुर्ग। छत्तीसगढ़ के दुर्ग जिले में सामने आए अफीम की अवैध खेती मामले में प्रशासन लगातार सख्त कार्रवाई कर रहा है। भाजपा नेता विनायक ताम्रकार की गिरफ्तारी के बाद अब उनके परिवार से जुड़ी अवैध संपत्तियों पर भी कार्रवाई शुरू कर दी गई है। मंगलवार को जिला प्रशासन और राजस्व विभाग की संयुक्त टीम ने उनके छोटे भाई बृजेश ताम्रकार के अवैध कब्जों पर बुलडोजर चलाया।
प्रशासनिक टीम ने जांच के बाद पाया कि बृजेश ताम्रकार द्वारा संचालित सीमेंट पोल बनाने की फैक्ट्री भी अवैध रूप से कब्जाई गई जमीन पर चल रही थी। इसके बाद मौके पर पहुंची टीम ने बुलडोजर की मदद से अवैध निर्माण को हटाने की कार्रवाई की।
इधर, दुर्ग पुलिस ने अफीम की खेती मामले में आरोपियों से जुड़े ठिकानों पर छापेमारी कर बड़ी मात्रा में मादक पदार्थ और उपकरण बरामद किए हैं। पुलिस ने विनायक ताम्रकार, मनीष ठाकुर और विकास बिश्नोई से जुड़े ठिकानों पर दबिश दी।
कार्रवाई के दौरान पुलिस को विनायक ताम्रकार के घर से सात बोरी डोडा, करीब 2 किलोग्राम खसखस और अफीम में चीरा लगाने के लिए इस्तेमाल किए जाने वाले विशेष हथियार बरामद हुए हैं। पुलिस के अनुसार यह सामग्री अफीम की खेती और उससे जुड़े अवैध कारोबार के अहम सबूत माने जा रहे हैं।
गौरतलब है कि दुर्ग जिले के समोदा–झेंझरी इलाके में बड़े पैमाने पर अफीम की खेती का मामला सामने आने के बाद भाजपा नेता विनायक ताम्रकार को गिरफ्तार किया गया था। इसके बाद प्रशासन ने उनसे और उनके परिजनों से जुड़ी संपत्तियों की जांच शुरू कर दी थी।
जिला प्रशासन का कहना है कि अवैध कब्जों और मादक पदार्थों से जुड़े मामलों में आगे भी कार्रवाई जारी रहेगी और नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ सख्त कदम उठाए जाएंगे। वहीं पुलिस अब इस नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की भी तलाश कर रही है।



