रायगढ़, 28 अप्रैल। Bus Office Loot : छत्तीसगढ़ के रायगढ़ में रविवार देर शाम एक सनसनीखेज घटना सामने आई है। जूटमिल थाना क्षेत्र के ट्रांसपोर्ट नगर बस स्टैंड के पास स्थित बदन बस ऑफिस में लगभग एक दर्जन युवकों ने घुसकर तोड़फोड़, मारपीट और लूट की वारदात को अंजाम दिया।
मिली जानकारी के अनुसार, आरोपियों ने ऑफिस में मौजूद 2-3 कर्मचारियों के साथ मारपीट की और वहां रखी करीब डेढ़ लाख रुपये की नकदी भी लूटकर फरार हो गए। पूरी घटना ऑफिस में लगे CCTV कैमरे में कैद हो गई है, जिससे पुलिस को आरोपियों की पहचान में मदद मिलने की उम्मीद है।
50 युवकों का तांडव
बताया जा रहा है कि बस संचालक जब अपने ऑफिस की ओर आ रहे थे, उस दौरान रास्ते में करीब 50 से 60 युवक नशे की हालत में सड़क जाम किए हुए थे। जब उन्हें साइड देने के लिए कहा गया, तो युवक भड़क गए और गाली-गलौज करने लगे। इसके बाद बस संचालक अपने ऑफिस पहुंचे, लेकिन कुछ ही देर में दर्जनों युवक वहां भी पहुंच गए और हमला कर दिया।
हमलावरों ने ऑफिस में जमकर तोड़फोड़ की, कर्मचारियों के साथ मारपीट की और नकदी लेकर फरार हो गए। घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल है। फिलहाल पुलिस ने मामला (Bus Office Loot) दर्ज कर लिया है और CCTV फुटेज के आधार पर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है। जल्द ही गिरफ्तारी की संभावना जताई जा रही है।



